कंपनी जरूरी या आप? इस्तीफे के बाद दिल जीत लेगी माइक्रोसॉफ्ट के पूर्व डायरेक्टर की बात
माइक्रोसॉफ्ट की पूर्व डायरेक्टर डायने बोएचर ने नौकरी छोड़ देने के बाद कहा कि इंसान की पहचान सिर्फ कंपनी या पद तक ही सिमित नहीं रह जाती है. अनुभव, कौशल और रिश्ते करियर से आगे भी साथ रह जाते हैं.

कई बार जिस नौकरी को हम अपनी पहचान मान लेते हैं, उससे दूर होने के बाद जिंदगी को देखने का नजरिया बदल जाता है. बड़ी कंपनी में काम करना करियर की सफलता हो सकता है, लेकिन इंसान की पूरी पहचान सिर्फ उसके पद या संस्थान तक सीमित नहीं होती. माइक्रोसॉफ्ट की पूर्व डायरेक्टर डायने बोएचर ने अपने अनुभव के जरिए इसी बात को समझाने की कोशिश की है.
सोशल मीडिया पर अपनी बात रखते हुए बोएचर ने उन कर्मचारियों को सलाह दी, जो कंपनी के नए वॉलंटरी एग्जिट ऑफर को स्वीकार करने के बारे में सोच रहे हैं. उन्होंने कहा कि नौकरी छोड़ने का फैसला लेने से पहले परिवार और दोस्तों से बात करनी चाहिए. साथ ही यह भी विचार करना चाहिए कि पेशेवर जिम्मेदारियों से अलग उनकी अपनी पहचान क्या है और वे आगे क्या करना चाहते हैं.
बोएचर के अनुभव का मुख्य संदेश यह है कि किसी संस्थान से विदा लेने का मतलब वहां सीखी गई चीजों को पीछे छोड़ देना नहीं है. काम के दौरान हासिल किए गए कौशल, रिश्ते और अनुभव व्यक्ति के साथ रहते हैं और भविष्य में नए अवसरों का रास्ता खोल सकते हैं.
माइक्रोसॉफ्ट छोड़ने के बाद क्या बदला?
माइक्रोसॉफ्ट में बिजनेस मैनेजमेंट की डायरेक्टर रह चुकीं डायने बोएचर ने करीब चार महीने पहले कंपनी के स्वैच्छिक रिटायरमेंट प्रोग्राम के तहत नौकरी छोड़ी थी. अमेरिकी नौसेना में भी सेवाएं दे चुकीं बोएचर ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि लंबे समय तक किसी बड़ी कंपनी में काम करने से व्यक्ति की पहचान उसके पेशे से जुड़ सकती है.
उनके मुताबिक, माइक्रोसॉफ्ट में बिताए सालों के दौरान मिले लोग, काम के अनुभव और अलग-अलग प्रोजेक्ट्स ने उनके व्यक्तित्व को आकार दिया. कंपनी में काम करना उनके परिचय का अहम हिस्सा बन गया था. ऐसे में नौकरी छोड़ने के बाद यह सवाल उठना स्वाभाविक था कि अब उनकी जिंदगी का अगला अध्याय कैसा होगा.
करियर से अलग भी है आपकी पहचान
बोएचर की कहानी उन लोगों के लिए अहम सीख देती है, जो अपनी पूरी पहचान नौकरी, पद या कंपनी के नाम से जोड़ लेते हैं. करियर में बदलाव होने पर भी व्यक्ति का अनुभव, क्षमता और व्यक्तिगत विकास उसके साथ रहता है. इसलिए नौकरी छोड़ने या नया रास्ता चुनने से पहले भविष्य की संभावनाओं पर विचार करना जरूरी है.
60 हजार कर्मचारियों को मिल सकता है एग्जिट ऑफर
यह चर्चा ऐसे समय में सामने आई है, जब माइक्रोसॉफ्ट ने भारत, अमेरिका, ब्रिटेन और कनाडा में पात्र कर्मचारियों के लिए नया वॉलंटरी एग्जिट ऑफर पेश किया है. रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 60 हजार कर्मचारी इस योजना के दायरे में आ सकते हैं. हालांकि, यह सुविधा कंपनी की सभी टीमों के लिए नहीं है.
माइक्रोसॉफ्ट की चीफ पीपल ऑफिसर एमी कोलमैन के अनुसार, इस कार्यक्रम के तहत पात्र कर्मचारियों को आर्थिक सहायता और करियर प्लानिंग से जुड़े संसाधन दिए जाएंगे. इसका उद्देश्य कर्मचारियों को कंपनी छोड़ने का विकल्प देना और बदलती कारोबारी जरूरतों के अनुसार कार्यबल में बदलाव करना है.
यह भी पढ़ें- Microsoft देगी 60000 कर्मचारियों को नौकरी छोड़ने का ऑफर, AI पर खर्च बढ़ाने की तैयारी
यह भी देखें-






















