Hyundai Creta को मिली 12 हजार से ज्यादा बुकिंग, 16 मार्च को हो रही है लॉन्च
लॉन्च से पहले ही Creta को 12 हजार से ज्यादा बुकिंग्स मिल चुकी हैं. यह इस बात का संकेत है कि आने वाले दिनों में Creta एक बड़ी हिट साबित होने वाली है.

नई दिल्ली: देश की बड़ी कार निर्माता कंपनी Hyundai अपनी नई एसयूवी Creta को भारत में 16 मार्च को लॉन्च करने जा रही है. लेकिन लॉन्च से पहले ही इसे काफी पसंद किया जा रहा है. इस साल ऑटो एक्सपो 2020 में भी कंपनी ने इसे पेश किया था. लॉन्च से पहले ही Creta को 12 हजार से ज्यादा बुकिंग्स मिल चुकी हैं. यह इस बात का संकेत है कि आने वाले दिनों में Creta एक बड़ी हिट साबित होने वाली है. अगर आपने अभी तक इसे बुक नहीं किया है तो आप हुंडई शो-रूम जाकर इसे बुक कर सकते हैं.
बड़े बदलाव
मौजूदा Creta की तुलना में नई Creta के डिजाइन में इस बार काफी बदलाव किये गये हैं. इसे पहले से ज्यादा बेहतर बनाने की कोशिश की गई है. इतना ही नहीं कंपनी ने इसके इंटीरियर में भी काफी नयापन देने की कोशिश की है. साथ ही इसमें कई फीचर्स को भी शामिल किया है. हाल ही में कंपनी ने यह भी बताया कि नई Creta में ब्लू लिंक कनेक्टिविटी फीचर्स को शामिल किया जाएगा.
इंटीरियर
नई क्रेटा का इंटीरियर ड्यूल टोन कलर में है, इसके डैशबोर्ड का ले-आउट सिंपल जरूर है लेकिन आकर्षित भी करता है और ऐसा ही कुछ इसकी सीट्स में भी नजर आता है. इसके स्टेयरिंग का डिजाइन इस बार नया है और यह पहले की तुलना में ज्यादा बेहतर नजर आता है. टच स्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम यहां दिया गया है और कई कनेक्टेड फीचर्स से लैस है.
फीचर्स
हुंडई ने अपनी कॉम्पैक्ट SUV, वेन्यू में ब्लूलिंक कनेक्टेड टेक्नोलॉजी को शामिल किया है और यही टेक्नोलॉजी नई क्रेटा में भी देखने को मिलेगी. क्रेटा में वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट और ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल जैसे फीचर्स भी मिलेंगे. वहीं इसमें 10.25-इंच का टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम मिल सकता है जोकि एंड्रॉइड ऑटो और ऐपल कारप्ले को सपोर्ट करेगा. नई क्रेटा की लम्बाई 30mm ज्यादा होगी जिसकी वजह से इसमें ज्यादा स्पेस मिलेगा.
इंजन
नई क्रेटा 1.5L MPi पेट्रोल (BS6), 1.5L U2 डीजल (BS6) और 1.4L T-GDi पेट्रोल (BS6) समेत तीन इंजन ऑप्शन में उपलब्ध है. अब देखना होगा कि भारत में इसे किस कीमत में लॉन्च किया जाएगा क्योंकि माना यही जा रहा है कि यह अपने मौजूदा मॉडल की तुलना में ज्यादा महंगी हो सकती है.
यह भी पढ़ें




















