मोती की खेती कैसे करते हैं किसान, इसमें कितना फायदा?
अगर आप एक ऐसी खेती की तलाश कर रहे हैं जिसमें अच्छी कमाई हो, तो मोती के खेती आपके लिए एक शानदार विकल्प हो सकती है. जानें मोती की खेती करने का सही तरीका और आसान टिप्स.

मोती को हमेशा से खूबसूरती और कीमती आभूषणों से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसकी खेती भी की जा सकती है? देश के कई हिस्सों में किसान और ग्रामीण उद्यमी पर्ल फार्मिंग यानी मोती की खेती को आय के एक विकल्प के रूप में अपना रहे हैं. इसमें खेत में फसल उगाने के बजाय तालाब या अन्य जलस्रोत में सीपों का पालन किया जाता है और उनकी मदद से मोती तैयार किए जाते हैं.
ऐसे में अगर आप भी अच्छे मुनाफे वाली खेती करना चाहते हैं, तो जानिए मोती की खेती करने के सही तरीके के बारे में. असल में मोती की खेती जितनी आसान लगती है, उतनी होती नहीं है. हालांकि सही देखभाल और इंतजार कर आप अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं.
सीप से कैसे बनता है मोती?
प्राकृतिक परिस्थितियों में जब किसी बाहरी कण या परजीवी के कारण सीप के अंदर परेशानी पैदा होती है तो वह उसके चारों ओर नैकर नामक पदार्थ की परतें जमा करने लगता है. इन्हीं परतों के लगातार जमने से मोती बनता है. व्यावसायिक खेती में किसान इस प्राकृतिक प्रक्रिया को नियंत्रित तरीके से अपनाते हैं. इसके लिए स्वस्थ और उपयुक्त प्रजाति की सीप चुनी जाती हैं. सीप को कुछ समय तक अनुकूल वातावरण में रखने के बाद उनके अंदर विशेष प्रकार का न्यूक्लियस या बीड डाला जाता है. यह काम बेहद सावधानी से किया जाता है, क्योंकि सीप को नुकसान पहुंचने पर उसकी मृत्यु भी हो सकती है.
यह भी पढ़ें: गेहूं की खेती में अपनाएं सहफसल का तरीका, एक साथ मिलेगा 2 फसलों का लाभ
तालाब में होती है असली मेहनत
ऑपरेशन के बाद सीपों को विशेष बैग या अन्य व्यवस्था के जरिए तालाब में रखा जाता है. इसके बाद शुरू होता है लंबा इंतजार और नियमित देखभाल. पानी की गुणवत्ता, तापमान, ऑक्सीजन, सफाई और सीपों की सेहत पर लगातार नजर रखनी पड़ती है. तालाब में गंदगी बढ़ने या पानी की गुणवत्ता खराब होने पर सीपों के संक्रमित होने या मरने का खतरा रहता है. इसलिए समय-समय पर सीपों की जांच और तालाब की सफाई जरूरी होती है. आमतौर पर मोती को तैयार होने में कई महीने से लेकर करीब एक साल या उससे अधिक समय लगता है.
कितनी होती है कमाई?
मोती की खेती में मुनाफा एक तय कीमत नहीं है. यह सीपों की संख्या, जीवित रहने की दर, मोती की गुणवत्ता, खेती की लागत और बिक्री के बाजार पर निर्भर करता है. अच्छी गुणवत्ता के गोल, चमकदार और आकर्षक मोती की कीमत सामान्य मोती की तुलना में काफी अधिक होती है.
यह भी पढ़ें: सरकार की इस योजना से शुरू करें बागवानी, 3 साल में मिल सकती है 2.5 लाख तक की मदद





















