10 दिन पहले हारे थे चुनाव, अब बनेंगे राज्यसभा सांसद, जानें कौन हैं राधाकांत ओझा?
उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी राज्यसभा चुनावों को लेकर बीजेपी ने पार्टी प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया. इस लिस्ट में पूर्व मंत्री शिवकांत ओझा के भाई राधाकांत ओझा को टिकट दिया गया.

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने उत्तर प्रदेश में आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए आठ उम्मीदवारों के नामों का सोमवार (5 अक्टूबर) को ऐलान किया. बीजेपी की इस लिस्ट में राधाकांत ओझा का भी नाम शामिल है. राधाकांत ओझा के नाम का ऐलान होने के बाद चर्चाएं तेज हो गई हैं. ऐसे में सवाल है कि आखिर राधाकांत ओझा कौन है?
राधाकांत ओझा बीजेपी की ओर राज्यसभा प्रत्याशी घोषित किए गए. पूर्व मंत्री शिवकांत ओझा के छोटे भाई राधाकांत ओझा इलाहाबाद हाईकोर्ट के पूर्व अध्यक्ष हैं. राधाकांत ओझा प्रतापगढ़ जिले की पट्टी तहसील के रमईपुर दिशिनी के रहने वाले हैं. राधाकांत अपने चार भाइयों में तीसरे नंबर के हैं.
मंत्री शिवकांत ओझा के भाई हैं राधाकांत
राधाकांत के सबसे बड़े भाई प्रो. शिवकांत ओझा उत्तर प्रदेश सरकार में कई बार मंत्री रह चुके हैं. वहीं दूसरे नंबर पर निशाकांत ओझा तिलक कालेज के प्राचार्य के पद से रिटायर है और राधाकांत के सबसे छोटे भाई कलाकांत ओझा हैं. बता दें कि राधाकांत के पिता भी प्राचार्य रहे थे.
राधाकांत का नाम इलाहाबाद हाईकोर्ट के वरिष्ठ वकीलों में शुमार है. राधाकांत ओझा इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रह चुके हैं. हाल ही में हुए इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव में हार गए थे और वह तीसरे स्थान पर रहे.
वहीं साल 2024 के फूलपुर विधानसभा चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार के लिए उनका नाम चर्चा में रह चुका है. राधाकांत का बीजेपी से लंबा जुड़ाव रहा है. कानूनी क्षेत्र में उनका काफी लंबा अनुभव रहा है.
बीजेपी की जातीय समीकरण साधने की कोशिश
भारतीय जनता पार्टी ने राधाकांत को उम्मीदवार बनाकर प्रयागराज और पूर्वांचल के इलाके में जातीय समीकरण साधने की कोशिश की है. बता दें कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है.
उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के जिन सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें बीजेपी नेता अरुण सिंह, गीता शाक्य, नीरज शेखर, बृजलाल, बी. एल. वर्मा, सीमा द्विवेदी और हरदीप सिंह पुरी, समाजवादी पार्टी के नेता राम गोपाल यादव तथा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के रामजी गौतम शामिल हैं.
राज्यसभा चुनाव: BJP की लिस्ट पर स्मृति ईरानी की पहली प्रतिक्रिया, 'व्यक्तिगत रूप से...'






















