उत्तराखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, 8 जिलों में यलो अलर्ट; बारिश-तेज हवाओं का अनुमान
उत्तराखंड में मौसम विभाग ने आठ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. इसमें अल्मोड़ा,नैनीताल, चंपावत, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और उधमसिंह नगर शामिल हैं.

उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र ने मंगलवार को प्रदेश के आठ जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. इनमें अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर शामिल हैं.
विभाग के अनुसार इन जिलों में कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की बारिश का अनुमान है. बारिश के साथ-साथ झोंकेदार हवाएं भी परेशानी बढ़ा सकती हैं मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
यह भी पढ़ें: अखिलेश के बागी विधायक बोले- सपा से राज्यसभा जाएगा 'परिवार' और 'व्यापार'
राजधानी में सुबह बरसे बादल, फिर निकली धूप
अलर्ट के बीच देहरादून में सुबह के समय बारिश हुई इसके बाद शहर में कुछ देर तक धुंध की चादर छाई रही, हालांकि करीब साढ़े आठ बजे के बाद बादल छंटे और हल्की धूप खिल गई. दिन भर के लिए विभाग ने आसमान में आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान जताया है. राजधानी में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना भी बनी हुई है. अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
पहाड़ों में बदलेगा मौसम बढ़ेगी ठंड
चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भी मौसम के मिजाज में बदलाव के आसार हैं. प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है ,मौसम विभाग ने ऊंचे इलाकों की यात्रा पर निकलने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.
इसके साथ ही सभी जिलों में स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट मोड़ पर रखा गया है. पर्यटकों को भी चेतावनी जारी कर सुरक्षित स्थानों पर रुकने की सलाह दी गयी है. अगले एक-दो दिन इसी तरह के मौसम के आसार रहने की संभावना जताई गयी है.
बारिश से पहाड़ी इलाकों में ठंड बढ़ने के आसार हैं,इसको लेकर भी लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है, सुबह और शाम में इसका असर अब देखने को मिलेगा.






















