UP Politics: मायावती के बयान पर भूपेंद्र चौधरी का पलटवार, कहा- जनसंख्या के मुद्दे को राजनीति से जोड़कर न देखें
जनसंख्या नीति को लेकर आरएसएस के बयान पर मायावती ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी और अब बीजेपी नेता भूपेंद्र चौधरी ने पलटवार किया है.

UP News: बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी (Bhupendra Chaudhary) ने जनसंख्या को लेकर बसपा चीफ मायावती (Mayawati) के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी. मायावती ने बसपा की बैठक में आरएसएस की जनसंख्या नीति (Population Policy) के मुद्दे पर कहा था कि ये महंगाई, गरीबी, बेरोजगारी और हिंसा जैसे मुद्दे से ध्यान बांटने के लिए बेसुरा राग अलाप रहे हैं. वहीं, इस पर भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या हम सबके लिए चुनौती का विषय है. वह हमारे भविष्य की जरूरतों को कुंठित करने वाला विषय है. जनसंख्या के मुद्दे को राजनीतिक दृष्टि से ना देखा जाए.
जनसंख्या हम सभी के लिए चुनौती है - भूपेंद्र चौधरी
भूपेंद्र चौधरी ने कहा, 'जिस तरह की परिस्थिति है, वह सबके लिए चुनौती है. सभी लोगों से, सरकारों से आग्रह करता हूं कि कारगर और प्रभावशाली नीति बनाएं जिससे बढ़ती जनसंख्या को रोका जा सके.' उधर, अयोध्या के दीपोत्सव को लेकर उन्होंने कहा कि यह हम सब के लिए गर्व की बात है. भगवान राम के भव्य मंदिर के निर्माण के लिए कई लोगों ने लंबे समय से संघर्ष किया है. आज हमारे लिए यह सपने जैसा है. वहीं, गृहमंत्री अमित शाह के जन्मदिवस के अवसर पर भूपेंद्र चौधरी हनुमान सेतु मंदिर पहुंचे. उन्होंने कहा अमित शाह का आज 58वां जन्मदिवस है. बीजेपी के सभी कार्यकर्ताओं ने आज मंदिरों में जाकर 58 कमल के फूलों की मालाएं चढ़ाई हैं.
अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच जाएंगे - भूपेंद्र चौधरी
निकाय चुनाव को लेकर भूपेंद्र चौधरी ने कहा, 'निश्चित रूप से हमें अपनी तैयारी के साथ चुनाव में जाना है. अपनी बात कहने के लिए हमारे कार्यकर्ता सभी के बीच जाएंगे.' विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जनता सबको नकार चुकी है. अब चुनाव आए हैं, तो ये सामने आए हैं लेकिन बीजेपी का कार्यकर्ता, मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री भी 12 महीने, 365 दिन जनता के बीच रहते हैं. हमने जो काम किए हैं उसका रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच जाएंगे.
ये भी पढ़ें -






















