मथुरा: सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, एक की हालत गंभीर
यह हादसा राधारानी मंदिर रोड पर हुआ जहां एक बाइक और कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई. बाइक सवार समेत तीन लोगों की मौत हो गई.

मथुरा: थाना मांट इलाके के राधारानी मंदिर रोड पर एक बाइक और कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई. हादसे में बाइक सवार समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
मांट इलाके में स्थित राधा रानी मंदिर से दर्शन करके बाइक सवार वृंदावन की तरफ जा रहे थे, बाइक पर पति-पत्नी और 2 बच्चे सवार थे तभी सामने से आ रही सेंट्रो कार ने बाइक को टक्कर मार दी. दोनों वाहनों की आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हुई.
हादसे में वृंदावन निवासी भगवान दास (उम्र 40 साल) और उनकी पत्नी भगवान देवी (उम्र 35 वर्ष), बेटा धीरज (उम्र 10 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 6 वर्षीय बेटी चंचल गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है.
राधा रानी मंदिर के लिए जाने वाला रास्ता सिंगल है और आसपास काफी पेड़ हैं. सेंट्रो कार ड्राइवर कार को स्पीड में चला रहा था. बाइक को सामने से आता देख कार को कंट्रोल नहीं कर सका और बाइक को सामने से टक्कर मार दी जिसके बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मचने लगी. स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकारी पुलिस को दी.
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना का शिकार हुए सभी लोगों को अस्पताल भिजवाया जहां पर पति पत्नी और बेटे को मृत घोषित कर दिया गया. वहीं मासूम बच्ची का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
यह भी पढ़ें:
IAS Interview में पूछे जाने वाले कुछ ट्रिकी सवाल जो आपको चौंका देंगे, देखें यहां
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL



























