शाहजहांपुर में धर्म विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट पर बवाल, थाने का घेराव करने पहुंचे लोग
Shahjahanpur News: मुस्लिम समुदाय के हजारों लोग सदर बाजार थाने के सामने एकत्र हो गए और थाने का घेराव कर प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने पथराव शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया.

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जनपद में शुक्रवार रात उस समय बवाल हो गया जब एक व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया पर धर्म विशेष और पैगंबर साहब के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया. के के दीक्षित नामक युवक द्वारा की गई इस पोस्ट के बाद सदर बाजार थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया. ये खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग नारेबाजी करते हुए सदर बाजार थाने के बाहर इकट्ठा हो गए. जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई.
आरोपी की गिरफ्तारी के बावजूद मुस्लिम समुदाय के हजारों लोग सदर बाजार थाने के सामने एकत्र हो गए और थाने का घेराव कर प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने पथराव शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा. लाठीचार्ज के दौरान भीड़ तितर-बितर हो गई, और कई लोग अपने जूते-चप्पल और बाइक छोड़कर भाग गए.
पुलिस अधीक्षक ने संभाला मोर्चा
एसपी राजेश द्विवेदी ने भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया. जनपद के विभिन्न थानों से अतिरिक्त पुलिस फोर्स को सदर बाजार इलाके में तैनात किया गया है. एसपी ने कहा कि यह घटना गंगा-जमुना तहजीब को कलंकित करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश है. सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान न दें. उन्होंने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
प्रशासन की शांति की अपील
हालांकि कुछ प्रदर्शनकारी काफी देर तक सड़कों पर नारेबाजी करते रहे, लेकिन पुलिस और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है. पुलिस ने सभी नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है.


















