UP Politics: बीजेपी के महा जनसंपर्क अभियान पर सपा का तंज, कहा- 'रिपोर्ट कार्ड में महंगाई-बेरोजगारी भी हो शामिल'
BJP Maha Jan Sampark Campaign: सपा नेता मनोज पांडेय ने कहा कि किसान दर दर की ठोकर खाता रहा है, कभी यूरिया नहीं कभी डीएपी नहीं. कहीं अगर उसकी फसल लग गई तो छुट्टा जानवरों से नहीं बची.

SP on BJP Maha Jan Sampark Campaign: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 9 साल पूरे होने पर 30 मई से बीजेपी का महा जनसंपर्क अभियान शुरू होगा. इसमें बीजेपी के मंत्री एवं नेता लोगों के बीच अपना 9 साल का उपलब्धियों भरा रिपोर्ट कार्ड लेकर जाएंगे. सपा विधायक डॉ मनोज पांडे ने इसे लेकर बीजेपी पर तंज कसा है. मनोज पांडेय ने कहा कि अच्छी बात है, लेकिन 9 साल का जो रिपोर्ट कार्ड है उसमें बढ़ती हुई महंगाई, बेरोजगारी का दर्द की बात भी होनी चाहिए.
मनोज पांडेय ने कहा कि किसान दर दर की ठोकर खाता रहा है, कभी यूरिया नहीं कभी डीएपी नहीं. कहीं अगर उसकी फसल लग गई तो छुट्टा जानवरों से नहीं बची और जो थोड़ी बहुत बची उसका लेनदार कोई नहीं रहा. सरकारी क्रय केंद्रों पर बिचौलियों और दलालों का जमावड़ा, उनका कब्जा था. आम किसान अपने उत्पादन को इन क्रय केंद्रों पर नहीं बेच पाया. और जिस तरीके से आज महंगाई चरम सीमा पर है, गरीबी अमीरी का भेदभाव है यह भी रिपोर्ट कार्ड में शामिल होना चाहिए. 9 साल उत्तर प्रदेश के गरीब किसान बेरोजगार के लिए संकट भरे रहे.
लोकसभा चुनाव को लेकर बीजेपी के सर्वे की तैयारी पर सपा विधायक डॉ. मनोज पांडेय ने कहा कि जनता को सोचने का अवसर देना चाहिए, जनता को लोकतंत्र में निष्पक्ष मतदान का भी अवसर देना चाहिए. जिस तरह से ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत, नगर निकाय के चुनाव में हुआ अगर यही असली लोकतंत्र का स्वरूप है तो मुझे लगता लोकतंत्र का स्वरूप विकृत हो रहा. लोकतंत्र को बचाना, संविधान की भावनाओं को बचाना एक चुनी हुई सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होती, चुनाव निष्पक्ष हो. जनता को अधिकार है चाहे जिसे वोट दे, उसे बाधित ना किया जाए, दबाव ना बनाया जाए. जब निष्पक्ष मतदान होगा उत्तर प्रदेश और देश की जनता एक बड़े परिवर्तन का मूड बना कर बैठी हुई है.






















