प्रियंका गांधी ने योगी सरकार को घेरा, ट्वीट कर कहा- भाजपा को सता रहा है आम जनता के मुद्दों का डर
प्रियंका गांधी ने यूपी सरकार पर वार करते हुए कहा कि भाजपा सरकार पत्रकारों पर लगातार हमला बोल रही है।" उन्होंने सवाल किया कि क्या भाजपा को आम जनता के मुद्दों का डर सता रहा है?

नई दिल्ली, एजेंसी। प्रियंका गांधी ने एक बार फिर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार को आड़े हाथों लिया है। यूपी सरकार पर निशाना साधते हुए प्रियंका ने पत्रकारों पर हो रहे हमलों का मुद्दा उठाया है। उत्तर प्रदेश में कई पत्रकारों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि पत्रकारों पर हमले का मतलब है कि भाजपा को आम जनता के मुद्दों का डर सता रहा है।

प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा कि, ' पत्रकार केवल आंख पर पट्टी बांधकर वाहवाही के लिए नहीं होते। उनका काम होता है जनता के मुद्दों पर खबरें बनाना और सरकार से जवाब लेना। लेकिन उप्र की भाजपा सरकार ऐसे पत्रकारों पर लगातार हमला बोल रही है।" उन्होंने सवाल किया कि क्या भाजपा को आम जनता के मुद्दों का डर सता रहा है?

गौरतलब है कि, इससे पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आर्थिक मंदी और ऑटोमोबाइल क्षेत्र में आए संकट के बाद मोदी सरकार पर तंज कसते हुए पूछा था कि सरकार आखिर कब अपनी आंखें खोलेगी? प्रियंका ने एक समाचार रिपोर्ट को साझा कर हिंदी में ट्वीट किया था कि, 'अर्थव्यवस्था मंदी की गहरी खाई में गिरती ही जा रही है, लाखों हिंदुस्तानियों की आजीविका पर तलवार लटक रही है, ऑटो सेक्टर और ट्रक सेक्टर में गिरावट प्रोडक्शन-ट्रांसपोर्टेशन में निगेटिव ग्रोथ और बाजार के टूटते भरोसे का प्रतीक है। सरकार कब अपनी आंखें खोलेगी?'
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL



























