'हम तैयार हैं बस...' UP पंचायत चुनाव पर OP राजभर का बड़ा दावा, अखिलेश पर भी बोला हमला
उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव पर इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले के बाद कयासों का दौर जारी है. इस बीच पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अहम संकेत दिए हैं.

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख और योगी सरकार में पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पंचायत चुनाव को लेकर इलाहाबाद हाई कोर्ट के फैसले का स्वागत किया. इसके साथ ही राजभर ने यह भी कहा कि सरकार चुनाव के लिए तैयार है बस पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट आ जाए.
ओपी राजभर ने कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले में तीन प्रमुख बिंदु हैं. इसके तहत 3 महीने के अंदर पंचायत चुनाव कराने, एक महीने के भीतर पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट के आधार पर आरक्षण तय करने और रिपोर्ट आने के बाद आगे का निर्णय लेने की बात है. उन्होंने कहा कि जैसे ही पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट आएगी, पंचायत चुनाव कराए जाएंगे.
इसके साथ ही राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर भी जुबानी हमला बोला. दरअसल, 15 अक्टूबर को एक प्रेस वार्ता में अखिलेश ने पंचायत चुनाव पर कहा था कि राज्य सरकार की नीयत साफ नहीं है.
यूपी के पूर्व सीएम के बयान पर राजभर ने कहा कि अखिलेश की नीयत अगर साफ़ होती तो obc के अन्य लोगों का भी विकास हुआ होता और 27 प्रतिशत का लाभ मिलता.





















