Noida News: बुजुर्ग की दाढ़ी नोचने के मामले में 4 बदमाश गिरफ्तार, पेचकस गैंग ने की थी वारदात
UP News: गिरोह का एक बदमाश पहले से ही जेल में बंद है जो 4 जुलाई 2021 के दिन हुई घटना में इन बदमाशों के साथ था. आनंद नाम का यह बदमाश गुरुग्राम जेल में बंद है.

Noida News: सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) की दखल पर 18 महीने बाद सांप्रदायिक हमले का एक मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस (Noida Poice) ने अब 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. चारों पेचकस गैंग के बदमाश हैं. पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद मामला दर्ज होने के 10वें दिन इन्हें गिरफ्तार किया है. इनको पकड़ने के लिए पुलिस ने करीब 1000 कारों, ढाई सौ सीसीटीवी कैमरों, 12,000 मोबाइल की जांच की है. जिसके बाद पुलिस को यह सफलता मिली है.
इस मामले में पुलिस ने बुलंदशहर निवासी शिवकुमार, दीपक, ग्रेटर नोएडा निवासी बबलू और ट्विंकल को गिरफ्तार किया है. पेचकस गिरोह के चारों बदमाश कार में लिफ्ट देकर लूटपाट करते थे. मिली जानकारी के मुताबिक गिरोह का एक बदमाश पहले से ही जेल में बंद है जो 4 जुलाई 2021 के दिन हुई घटना में इन बदमाशों के साथ था. आनंद नाम का यह बदमाश गुरुग्राम जेल में बंद है.
18 महीने के बाद बदमाशों को पकड़ा गया
दरअसल, दिल्ली के जाकिर नगर निवासी काजिम अहमद 4 जुलाई 2021 की सुबह सेक्टर 37 से बॉटेनिकल गार्डन पहुंचे थे. उन्हें अलीगढ़ जाने के लिए एक कैब सवार बदमाशों ने लिफ्ट दिया था. इसके बाद 4 बदमाशों ने कार लॉक कर उनकी पिटाई की और पेचकस से मारकर घायल कर दिया. कुछ देर में ही उनकी पहचान देखकर टिप्पणी करने लगे और कई बार उनकी दाढ़ी भी नोची थी. उस वक्त इस मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी जब सुप्रीम कोर्ट ने मामले में दखल दिया तो आनन-फानन में 15 जनवरी 2023 को कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की और अब करीब 18 महीने के बाद जांच की गई तो बदमाशों को पकड़ा गया.
मामले में सुप्रीम कोर्ट के कड़ा रुख अपनाने और उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को तलब किए जाने के बाद यह मामला दर्ज हुआ था. पीड़ित काजिम के भाई गनी मुस्तफा ने बताया कि उनके भाई के साथ हुई घटना का उन लोगों ने चौकी स्तर से लेकर थाना और पुलिस के बड़े अधिकारियों तक शिकायत की, लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं सुनी. आखिरकार उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का सहारा लेना पड़ा.























