बुलंदशहर में रोंगटे खड़े कर देने वाला कत्ल, दफन लाश और गायब मकान मालिक बना रहस्य
Bulandshahr News: संजय उर्फ बिल्लू 17 जुलाई की शाम करीब 4 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था. परिजनों ने जहांगीराबाद कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.

यूपी के बुलंदशहर में जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के पिपेरा गांव में एक सनसनीखेज हत्याकांड ने इलाके में दहशत फैला दी है. यहां तीन दिन से लापता 34 वर्षीय संजय उर्फ बिल्लू का शव गांव के बाहर एक बंद पड़े मकान में जमीन के अंदर दफन मिला. घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है, और पुलिस ने मकान मालिक सहित संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है.
जानकारी के मुताबिक संजय उर्फ बिल्लू 17 जुलाई की शाम करीब 4 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था. परिजनों ने जहांगीराबाद कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद से जांच शुरू की. इस दौरान मकान से 500 मीटर दूर मक्का के खेत में संजय का मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसने मामले की गंभीरता को और बढ़ा दिया.
बंद मकान में मिली दफन लाश
पुलिस की शक की सुई पास के एक बंद पड़े मकान पर गई. ग्रामीणों से पूछताछ के बाद पुलिस ने मकान की तलाशी ली, जहां जमीन से दुर्गंध आने पर खुदाई की गई. खुदाई में संजय का सड़ा-गला शव बरामद हुआ, जिसे मिट्टी में दफनाया गया था. पुलिस के अनुसार, मकान मालिक घटना के बाद से फरार है, और उस पर हत्या का शक है.
पुलिस जांच और कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह, सीओ अनूपशहर रामकरन सिंह, और कोतवाली प्रभारी रामफल सिंह मौके पर पहुंचे. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. एसपी देहात ने बताया कि कुछ अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
रंजिश की आशंका
ग्रामीणों के मुताबिक संजय की किसी से पुरानी रंजिश हो सकती है. पुलिस ने बताया कि मृतक जुआ खेलने का आदी था और हत्या जुए से जुड़े विवाद का नतीजा हो सकती है. पूरे इलाके को सील कर जांच तेज कर दी गई है.






















