बाराबंकी MLC चुनाव से पहले आधी रात भिड़े BJP-सपा नेता, बूथ लगाने पर लड़ाई
MLC चुनाव से पहले बाराबंकी में BJP और सपा कार्यकर्ता देर रात बूथ लगाने को लेकर आमने-सामने आ गए. लखपेड़ाबाग चौराहे पर विवाद में दोनों दलों के वरिष्ठ नेता पहुंचे, जिसके बाद भारी पुलिस ने स्थिति संभाली.

लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक MLC चुनाव से पहले बाराबंकी में सियासी पारा चढ़ गया है. मतदान से ठीक पहले देर रात बीजेपी और समाजवादी पार्टी के नेता व कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए. मामला शहर के लखपेड़ाबाग चौराहे का है, जहां चुनावी एजेंटों का बूथ लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते तीखी बहसबाजी में बदल गया.
दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं के मौके पर पहुंचने के बाद माहौल और गरमा गया. स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला.
यह भी पढ़ें: राजस्थान पंचायत चुनाव: बालेसर में वोटिंग का बहिष्कार, जोधपुर में कुल 62.88 फीसदी मतदान
रात 11:30 बजे आखिर क्यों भिड़ गए बीजेपी-सपा के नेता?
जानकारी के मुताबिक, देर रात करीब 11:30 बजे लखपेड़ाबाग चौराहे पर चुनावी बूथ लगाने को लेकर बीजेपी और सपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद शुरू हुआ. बीजेपी नेताओं का आरोप है कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बिना अनुमति उनकी निर्धारित जगह पर अपने चुनावी एजेंटों का बूथ लगा दिया. इसे लेकर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया.
वहीं, समाजवादी पार्टी के नेताओं ने पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी के दबाव में उनके चुनावी एजेंटों का बूथ जबरन हटवाया गया. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक होने लगी.
आधी रात को मौके पर पहुंचे दोनों दलों के दिग्गज
विवाद की जानकारी मिलते ही दोनों राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता भी मौके पर पहुंच गए. बीजेपी की ओर से जिला उपाध्यक्ष जंग बहादुर पटेल, राकेश पटेल और रोहित सिंह समेत कई नेता मौके पर पहुंचे. वहीं समाजवादी पार्टी की ओर से जिलाध्यक्ष हाफिज अयाज, प्रीतम सिंह और आशीष सिंह आर्य सहित कई नेताओं ने मौके पर पहुंचकर अपना पक्ष रखा.
दोनों पक्षों के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस भी सक्रिय हो गई. भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया.
अवनीश सिंह और कांति सिंह के बीच चुनावी मुकाबला
दरअसल, लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक MLC चुनाव को लेकर बीजेपी और समाजवादी पार्टी पूरी ताकत झोंक रही हैं. बीजेपी ने वर्तमान MLC इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है, जबकि समाजवादी पार्टी ने पूर्व MLC श्रीमती कांति सिंह पटेल को चुनावी मैदान में उतारा है.
दोनों दलों के बीच चुनावी मुकाबले से पहले बूथ लगाने को लेकर सामने आए इस विवाद ने बाराबंकी के राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है. अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर चुनावी बूथ लगाने की निर्धारित जगह किसकी थी? क्या बूथ लगाने की अनुमति को लेकर विवाद हुआ या फिर इसके पीछे चुनावी वर्चस्व की लड़ाई है?
फिलहाल दोनों दलों के अपने-अपने आरोप हैं. मतदान से ठीक पहले आधी रात को हुए इस सियासी घमासान के बाद अब सभी की नजरें मतदान और चुनावी नतीजों पर टिकी हैं.
यह भी पढ़ें: बिहार: MLC की 8 सीटों पर आज वोटिंग, नीरज कुमार ने कहा- 'नीतीश मॉडल पर वोट..'





















