अखिलेश के शब्दों में ऐसा रहा योगी सरकार का ढाई साल, बोले-ढाई कोस भी नहीं चली सरकार
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने कोई नई योजनाएं नहीं बनाई बल्कि पिछली सरकार के शुरू किये गये कामों का ही श्रेय लिया

लखनऊ,एबीपी गंगा। एक तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार का ढाई साल पूरा होने पर उपलब्धियां गिनाई तो दूसरी ओर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए उनके हर दावे को झूठा बताया। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार खुशी और झूठा जश्न मन रही है। असल में सरकार ढाई साल में भी ढाई कोस भी नहीं चल पाई। सरकार की रफ्तार डबल इंजन वाली नहीं, बैलगाड़ी वाली है। कुंभ को लेकर बखान करने वाले बताएं की वहां बनाये गए शौचालयों का भुगतान हुआ क्या?
ट्रिलियन इकॉनमी की बात करने वाले बच्चों को नमक रोटी खिला रहे
अखिलेश ने कहा कि यूपी सरकार एक ट्रिलियन इकॉनमी से जुड़ने की बात कर रही। मेरा सरकार से सवाल है कि इसके लिए बचे ढाई साल में हर साल कितना इन्वेस्टमेंट चाहिए होगा? सपा सरकार में 2012 में इंडस्ट्रियल पॉलिसी बनी थी जिसके तहत उद्योगपतियों को सहूलियत मिली। लेकिन इस सरकार की 2017 की पॉलिसी में कितने उद्योगपतियों को कंसेशन और सुविधा दी गई? अखिलेश ने कहा कि सरकार कभी भी नौकरी के कुछ भी आंकड़े बोलने लगती है। ट्रिलियन इकॉनमी की बात करने वाले बच्चों को नमक रोटी खिला रहे।
शौचालय में उलझ कर देश का पैसा बाहर भेज रही सरकार
योगी सरकार पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा की जब सब सामान बाहर से खरीदेंगे तो डिफेन्स कॉरिडोर में क्या बनाएंगे। अमेरिका से C 17,अपाचे हेलीकाप्टर की डील, राफेल की डील पहले ही हो गई, इजराइल, रशिया सबको देश का पैसा बाहर भेज दिया। जनता को 15 हज़ार करोड़ की शौचालय की योजना में फंसाकर देश का पैसा बाहर पहुंचा दिया। इसके बाद भी बलिया के सैंकड़ों गांव में शौचालय के फर्जी आंकड़ों से ओडीएफ घोषित किया जो सरकार ने अपने आंकड़ों के बाद खुद हटाया।
प्रदेश में इस समय चरम पर अपराध
अखिलेश ने कहा कि यूपी में इस समय सबसे ज्यादा घटनाएं बेटियों साथ हो रही हैं। मैनपुरी में नवोदय में 11वीं की छात्रा साथ घटना हुई लेकिन शासन प्रशासन मौन है। राजधानी में भी बड़ी बड़ी घटनाएं हो रही बलात्कार हो रहे, छोटी मासूम बेटियों तक सुरक्षित नहीं। उन्नाव की बेटी को मुख्यमंत्री आवास पर आकर आत्महत्या का प्रयास करना पड़ता है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में इस समय सबसे अधिक हत्याएं हो रही हैं। गृह विभाग के आंकड़े देखें तो ढाई साल में सर्वाधिक घटनाएं हुई लेकिन सरकार आंकड़े छुपा कर बात कर रही। भ्रष्टाचार चरम पर है, 100 नंबर के रिस्पांस को खत्म कर दिया। इस सरकार को ह्यूमन राइट्स से सर्वाधिक नोटिस मिली। कस्टोडिअल डेथ हो रही हैं। मऊ में बैटरी चोरी में पुलिस ने युवक को पीट पीट कर मार डाला।
किसानों का कर्ज माफ किया तो आत्महत्या क्यों कर रहे हैं
किसानों की कर्ज माफ़ी को योगी सरकार ने उपलब्धि बताया तो अखिलेश ने उस पर भी सवाल उठाये। अखिलेश ने कहा कि सरकार कहती है कि किसानों को कर्ज माफ किया। अगर ऐसा हुआ तो प्रदेश भर में किसान आत्महत्या क्यों कर रहे। आज हर उद्योगपति बोल रहा इकॉनमी नीचे जा रही। टेक्सटाइल, ऑटोमोबाइल, बिस्किट, कोई क्षेत्र नहीं बचा। राष्ट्रवाद के नाम पर कब तक सब छुपाएंगे।
हमारे प्रोजेक्ट्स को अपनी उपलब्धि बता रही सरकार
ये लोग बोलते लैपटॉप सिंबल ऑफ डेवलपमेंट नहीं हो सकता। ताज्जुब है की डिजिटल इंडिया की बात करने वाले ऐसा बोलते। किसी गांव में चले जायें, शौचालय में पानी भले न आये लेकिन तब का बंटा लैपटॉप अब भी चल रहा। अखिलेश ने कहा ये सरकार पूर्व सरकार सरकारों के काम को अपनी उपलब्धि बता रहे। गोरखपुर में एम्स के लिए जमीन समाजवादी पार्टी ने दी थी। गोरखपुर का जू बसपा में बनना शुरू हुआ, सपा में उसे अशफाक उल्लाह खां जू का नाम मिला। अब ये उसे भी अपनी उपलब्धि बता रहे। इतना ही नहीं उस ज़ू की तुलना लायन सफारी से करते हैं। इन्हें ज़ू और सफारी का अंतर तक नहीं पता। जिन मेडिकल कॉलेज को ये अपना बता रहे वो भी हमारे समय के प्रोजेक्ट। मेट्रो भी हमारी देन है। हां अगर ये ढाई साल में मेट्रो का दूसरा फेज पूरा करा देते तो कुछ बात होती।
इस सरकार में गौमाता भी रो रही हैं अखिलेश ने कहा की सीतापुर की तरफ से निकलते समय गाय और सांड गिनने शुरू कर दिए। सड़क किनारे बाईपास पर आया तो गिनती भूल गया।बुंदेलखंड में तो पहले सड़क से पशु हटाओ तब गाड़ी आगे ले जाओ। इतना बजट फिर भी गौमाता सड़क पर हैं उनकी जान जा रही। इस सरकार की वजह से कई गौवंश की जान गयी। आज तो गौमाता भी रो रही इस सरकार में।
भारत पाक रिश्तों पर भी बोले अखिलेश भारत पाकिस्तान के तल्ख रिश्तों पर भी अखिलेश ने बात की। उन्होंने कहा की आज राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री का हवाई जहाज पाकिस्तान के एयरस्पेस से नहीं उड़ पा रहा। यहां पीएम कहते हैं हम भी पठान हैं, पाकिस्तान में भी पठान हैं, कहीं दो पठानों की लड़ाई में कल हम और आप न रहे। सरकार इनकी है, कश्मीर में 70 लाख लोग कैद हैं, पूर्व मुख्यमंत्री तक। जितना पाकिस्तान से खतरा उतना चीन से भी।
सपा एमएलसी के योगी से मिलने की तस्वीर को बताया पुराना सपा के तीन एमएलसी के मुख्यमंत्री से मिलने की तस्वीर पर भी अखिलेश यादव ने जवाब दिया। अखिलेश ने कहा की वो तस्वीर पुरानी है, कुछ गरीब लोगों की मदद के लिए तीनों एमएलसी मुख्यमंत्री से मिले थे।

























