EXCLUSIVE: सुशांत सिंह मामले में सीएम नीतीश ने कहा- जो भी कानूनी प्रक्रिया है उसका पालन किया जाएगा
मुख्यमंत्री ने कहा, सुशांत के पिताजी ने एफआईआर दर्ज कराई है अब यह बिहार पुलिस की जिम्मेदारी है कि जो कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच पूरी करना.

पटना: सुशांत सिंह राजपूत मामले में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एबीपी न्यूज से एक्सक्लूसिव बातचीत में कहा है कि इस मामले में अभिनेता के पिता की तरफ से दर्ज एफआईआर में जो भी कानूनी कार्रवाई की जानी है वह की जाएगी. सीबीआई जांच के सवाल पर उन्होंने कहा कि जिनकी तरफ से एफआईआर दर्ज हुई है अगर उनकी तरफ से सीबीआई जांच की मांग की जाएगी तो उसके बाद ही राज्य सरकार कुछ कर सकती है.
मुख्यमंत्री ने कहा, सुशांत के पिताजी ने एफआईआर दर्ज कराई है अब यह बिहार पुलिस की जिम्मेदारी है कि कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच को पूरी करे. इसके लिए एक टीम बनाई गई है जो बेहद अनुशासन के साथ काम कर ही है.
सीएम नीतीश कुमार ने कहा, “सीबीआई जांच की बात कई लोग कर रहे हैं. जहां तक बिहार सरकार की बात है तो जिन्होंने एफआईआर दर्ज कराई है अगर वह सीबीआई जांच की इच्छा जाहिर करेंगे तभी राज्य सरकार आगे इस बारे में आग्रह कर सकती है. सुप्रीम कोर्ट में बिहार सरकार द्वारा याचिका दायर करने पर उन्होंने कहा, एडवोटेट जनरल ने कोर्ट को बताया है कि हमारा भी पक्ष सुना जाए.
यह पूछे जाने पर कि क्या इस मामले में वह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से बात करेंगे तो उन्होंने कहा, यह का सीधे-सीधे मुख्यमंत्री का नहीं है. यह जिम्मेदारी पुलिस की है कि वह सभी जरुरी काम करे. हमारे डीजीपी ने कहा है कि महाराष्ट्र पुलिस से भी बात की जा रही है. इस मामले में कोई भी राजनीतिक बात करने की जरुरत नहीं है यह कानूनी मामला है. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि महाराष्ट्र पुलिस को बिहार पुलिस के साथ सहयोग करना चाहिए. यही कानूनी प्रक्रिया भी है.






















