Bharatpur Crops Spoiled: बेमौसम बरसात और ओलावृष्टि से किसानों की फसल बर्बाद, सरकार ने दिए सर्वें कराने के निर्देश
देश के अलग-अलग हिस्सों में हुई बेमौसम बरसात से फसलों को काफी नुकसान हुआ है. राजस्थान के भरतपुर में भी बारिश और ओलावृष्टि की वजह से किसानों की फसल पर दुष्प्रभाव पड़ा है.

Bharatpur Crops Spoiled: मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार पूर्वी राजस्थान में कई दिनों से मौसम खराब है. मौसम के मिजाज बदलने से रात को जिले में कई जगह बेमौसम बरसात और जमकर ओलावृष्टि हुई जिससे किसानों की फसल को काफी नुकसान हुआ है. किसानों की सरसों और गेहूं की फसल भी तबाह हो गई है. वहीं कई जगह हुई ओलावृष्टि में सरकार द्वारा नुकसान का सर्वे कराकर जल्दी ही किसानों को मुआवजा दिलाने का वादा सरकार के मंत्री किसानों से कर रहे हैं.
भरतपुर जिले के नदबई, बयाना, कुम्हेर तहसीलों में जमकर ओलावृष्टि हुई जिसकी वजह से फसल खराब हो गई है और किसानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ सकता है. किसानों की फसल पककर तैयार है और कई जगह कटाई भी हो रही है. किसान की फसल अभी खलियान में ही पड़ी है और बेमौसम की बरसात और ओलावृष्टि से किसान बर्बाद हो गया है. बता दें कि मौसम विभाग ने 17 से 19 मार्च तक बरसात और ओलावृष्टि की चेतावनी दी थी.
सरकार की ओर से किसानों को किया गया था अलर्ट
पूर्वी राजस्थान में मौसम विभाग की बरसात और ओलावृष्टि की चेतावनी के बाद कैबिनेट मंत्री विश्वेन्द्र सिंह ने भी किसानो से अपील की थी कि किसान अपनी फसल की कटाई के बाद उसे सुरक्षित स्थान पर रखे. भरतपुर जिले में हल्की बरसात का दौर कई दिनों से चल रहा है मगर देर रात कड़कड़ाती आकाशीय बिजली के साथ भारी ओलावृष्टि हुई. बेमौसम बरसात और ओलावृष्टि से सरसों और गेंहू की फसल नष्ट हो गई है, जिससे किसान चिंतित है क्योंकि भरतपुर जिला कृषि प्रधान जिला है और भरतपुर में किसान खेती पर ही निर्भर हैं. भरतपुर जिले में उद्योग-धंधे नहीं है इसलिए यहां के लोगों के पास कृषि के अलावा रोजगार का कोई साधन नहीं है और कृषि ही जीवन यापन का एकमात्र जरिया है.
मंत्रियों ने किया क्षेत्र में दौरा
गौरतलब है कि विगत दिनों भी बरसात और ओलावृष्टि से फसल कई जगह तबाह हुई थी जिसके बाद कैबिनेट मंत्री विश्वेंद्र और राज्य मंत्री डॉ सुभाष गर्ग ने अपने अपने विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर किसानों को हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया था. वहीं जिले के आला अधिकारियों को किसानों की फसल की गिरदावरी कराकर सर्वे कराने के निर्देश दिए गए हैं.
ये भी पढ़ें: Congress Crisis: पायलट गुट के विधायक का वीडियो वायरल, नए जिलों की घोषणा पर बोले- 'मामला तहस-नहस कर दिया'






















