Maharashtra Politics: महाराष्ट्र में सियासी हलचल, कांग्रेस ने अहमदनगर जिला कमेटी को किया भंग, जानें- क्यों लिया ये फैसला?
Election: महाराष्ट्र में विधान परिषद के पांच सदस्यों का कार्यकाल सात फरवरी को समाप्त हो रहा है. इनमें दो स्नातक और तीन शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से हैं. नए सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान 30 जनवरी को है.

Mumbai News: महाराष्ट्र कांग्रेस ने गुरुवार को अपनी अहमदनगर की जिला कमेटी को भंग कर दिया. जानकारी हो कि कुछ ही दिन पहले ही पार्टी के एमएलसी डॉक्टर सुधीर तांबे (Sudhir tambe) विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव से अपना नामांकन वापस ले लिया था. उन्होंने अपनी जगह अपने बेटे सत्यजीत तांबे (Satyajeet tambe) को मैदान में उतार दिया. इस कारण पार्टी ने उन्हें निलंबित कर दिया था. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले (Nana Patole) ने उनके इस कदम को पार्टी विरोधी करार दिया था. उन्होंने कहा था कि उनके इस निर्णय से पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को शर्मिंदा होना पड़ा है.
पार्टी समर्थित प्रत्याशी को छोड़ दूसरे का प्रचार करने का आरोप
गुरुवार को जिला कमेटी भंग करने के बाद नाना पटोले ने कहा कि पार्टी ने नासिक डिवीजन स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए शुभांगी पाटिल को अपना समर्थन दिया है, लेकिन अहमदनगर जिला कांग्रेस कमेटी के सदस्यों ने इसके बजाय एक स्वतंत्र उम्मीदवार के लिए प्रचार किया. उन्होंने अहमदनगर जिला कमेटी के इस कदम को भी पार्टी विरोधी कदम बताया है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि अहमदनगर जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेश सालुंखे को भी पार्टी से निलंबित कर दिया गया है.
पूर्व मंत्री बालासाहेब थोराट के रिश्तेदार हैं एमएलसी सुधीर तांबे
एमएलसी सुधीर तांबे कट्टर कांग्रेसी और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बालासाहेब थोराट के करीबी रिश्तेदार हैं. हालांकि, पूर्व मंत्री ने उनके इस कदम पर अब तक कोई बयान नहीं दिया है. डॉ सुधीर तांबे ने खुद ही 12 जनवरी को विधान परिषद चुनाव से बाहर हो जाने की घोषणा कर दी और नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि को अपने बेटे सत्यजीत तांबे के चुनाव लड़ने की घोषणा भी कर दी. इसके बाद सत्यजीत ने निर्दलीय के तौर पर पर्चा दाखिल किया. इसके बाद कांग्रेस ने पिता-पुत्र की जोड़ी को ही पार्टी से निलंबित कर दिया और शुभांगी पाटिल को समर्थन देने का फैसला किया. वह महाविकास अघाड़ी (एमवीए) समर्थित स्वतंत्र उम्मीदवार हैं.
30 जनवरी को होना है मतदान
जानकारी हो कि महाराष्ट्र में विधान परिषद के पांच सदस्यों का कार्यकाल सात फरवरी को समाप्त हो रहा है. इनमें दो स्नातक और तीन शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से हैं. राज्य के उच्च सदन के नए सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान 30 जनवरी को होना है. इसकी मतगणना फरवरी में होनी है. लेकिन, इसके पहले ही एमएलसी डॉ सुधीर तांबे के इस कदम से पार्टी असहज होती दिख रही है.
यह भी पढ़ें: Maharashtra Politics: एकनाथ शिंदे के गढ़ में पहुंचे उद्धव ठाकरे, मुख्यमंत्री बोले- 'हर शख्स को अपनी...'
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL























