Mp Weather Update: सावधान! सर्दी के कहर ने ली कई लोगों की जान, इस जिले में हुईं सबसे ज्यादा मौतें
MP Severe Cold Wave: मध्य प्रदेश में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है. इससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है. अब तक ठंड से जबलपुर, इंदौर, छतरपुर, आदि जिलों में कई लोग जान गंवा चुके हैं.

MP Cold Wave Condition: मध्य प्रदेश में रिकॉर्ड तोड़ कड़ाके की ठंड (MP Cold Wave) पड़ रही है. इससे अब तक एक दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. मध्य प्रदेश के जबलपुर (Jabalpur) में ही ठंड से अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है. इनमें 6 माह की बच्ची से लेकर बुजुर्ग तक शामिल हैं. हालांकि, अभी भी ठंड से निपटने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर कोई विशेष इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं.
मध्य प्रदेश में इस बार ठंड भले ही देरी से आई हो, लेकिन यह ठंड जानलेवा साबित हो रही है. जबलपुर में पिछले एक हफ्ते में तीन लोगों की जान जा चुकी है. सभी में ठंड को प्रमुख कारण मानकर जांच हो रही है. इनमें छोटी बच्ची भी शामिल है. इसके अलावा एक सप्ताह पहले इंदौर (Indore) में एक पेंटर ने ठंड से दम तोड़ दिया था. इंदौर में ठंड से यह इस वर्ष की पहली मौत है, लेकिन अभी भी कड़ाके की ठंड लोगों के लिए मुसीबत बनी हुई है.
मध्य प्रदेश के छतरपुर में भी युवक की पिछले दिनों मौत का कारण ठंड ही माना जा रहा है, जबकि कथित रूप से कटनी में भी छात्र की ठंड से मौत का मामला सामने आ चुका है. इस प्रकार यदि आंकड़ों की बात की जाए तो अब तक ठंड से एक दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत की हो चुकी है. अभी भी शीतलहर का प्रकोप जारी है.
अभी नहीं मिलेगी ठंड से पूरी राहत
मौसम विशेषज्ञ वेद प्रकाश सिंह के मुताबिक, प्रदेश के चंबल संभाग के साथ-साथ ग्वालियर, दतिया, सागर, दमोह, टीकमगढ़ और निवाड़ी में घना कोहरा छाया रहेगा. इसके अलावा अभी मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में ही ठंड से राहत देखने को मिल रही है. उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में इंदौर संभाग में सामान्य तापमान रहा है.
शेष सभी संभाग में सामान्य से कम रहा है. इसके अलावा शहडोल में सामान्य से काफी कम तापमान दर्ज किया गया है. मध्यप्रदेश के उमरिया में 4.3 डिग्री सबसे कम तकपमान दर्ज किया गया है.
सार्वजनिक स्थानों पर नहीं जलती है अलाव
मध्य प्रदेश में ठंड को लेकर राजनीति भी गरमा चुकी है. कांग्रेस के विधायक महेश परमार (Mahesh Parmar) ने आरोप लगाया कि ठंड के दिनों में कांग्रेस सरकार में सार्वजनिक स्थान जैसे बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और बड़े धार्मिक स्थलों के आसपास नगर निगम द्वारा अलाव जलाये जाते थे.
वर्तमान में ऐसी कोई व्यवस्था नहीं हो रही है. यही वजह है कि मध्य प्रदेश में ठंड से लगातार मौतें हो रही हैं. उन्होंने ठंड से मरने वालों के परिजनों को सरकार की ओर से मुआवजा देने की मांग की है.
MP: पतंग के मांझे से कटे दुर्लभ बर्न आउल के पैर, वन विभाग करवा रहा इलाज



















