MP Election 2023: एमपी की सियासत में 'पागल, कुंठित, धोखेबाज' जैसे शब्दों की एंट्री, चुनाव से पहले नेता भूले भाषा की मर्यादा
MP Election 2023 News: एमपी में आगामी विधानसभा चनाव को लेकर नेताओं के बीच बयानबाजी तेज हो चुकी है. सीएम शिवराज सिंह चौहान और पीसीसी कमलनाथ जैसै बड़े नेता भी इसमें पीछे नहीं हैं.

MP Assembly Election 2023: मध्य प्रदेश में इस साल के अंतिम महीनों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. इसे लेकर नेताओं के तेवर भी तीखे होते जा रहे हैं. नेताओं के बयान इतने निम्नस्तरीय हो गए हैं कि वे पागल, सड़क छाप, धोखेबाज, बिकाऊ, विष जैसे शब्दों का इस्तेमाल करने से नहीं झिझकते हैं. बता दें कि सीएम रहते शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) का यह चौथा कार्यकाल दिसंबर में समाप्त हो जाएगा.
दिसंबर से पहले मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. साल 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 15 साल से जमी बीजेपी को सत्ता से हटाकर खुद प्रदेश की कमान संभाली थी. उस समय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ (Kamal Nath) प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे, लेकिन विडंबना यह रही कि कमलनाथ महज 15 महीने ही प्रदेश की सत्ता का सुख भोग सके.
ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) समर्थक विधायकों के इस्तीफा देने की वजह से कांग्रेस की सरकार गिर गई. इसके बाद राज्य की सत्ता में फिर से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की वापसी हो गई और शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री बने. वे चौथी बार बतौर मुख्यमंत्री पद पर काबिज हैं.
पागल जैसे शब्दों का इस्तेमाल
बीते दिनों छिंदवाड़ा में पीसीसी कमलनाथ ने रोजा इफ्तार पार्टी में एक बयान दिया था. इस बयान पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आश्चर्य होता है कि कांग्रेस के वयोवृद्ध नेता और पूर्व मुख्यमंत्री 2018 के चुनावों से पहले कह रहे थे कि मुसलमानों के पोलिंग बूथ पर 90 फीसदी वोट क्यों नहीं पड़ते. वोट डलवाओं नहीं तो नुकसान हो जाएगा, तब वीडियो में दुनिया ने देखा कि वो केवल वोट बैंक मानकर काम करते हैं.
सीएम शिवराज के अनुसार परसो ही कमलनाथ कह रहे थे कि इस साल प्रदेश में दंगे भड़क रहे हैं. सीएम शिवराज ने कहा कि वोटों की भूख में वे (कमलनाथ) इतने पागल हो गए हैं कि एमपी को अशांति और वैमनस्य की खाई में झोंक देना चाहते हैं.
सीएम की कुर्सी पर बैठा कुंठित व्यक्ति
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने भी सीएम शिवराज सिंह चौहान के बयानों पर पलटवार किया. उन्होंने कहा कि मैं तो 44 साल से जनता की सेवा कर रहा हूं, मुझे अपने अपमान की फिक्र नहीं है. मुझे दुख इस बात का है कि एमपी जैसे महान राज्य के सीएम की कुर्सी पर ऐसे कुंठित विचारों वाला (शिवराज सिंह चौहान) व्यक्ति बैठा है. ऐसे व्यक्ति का मुख्यमंत्री होना प्रदेश की आठ करोड़ जनता का अपमान है.
कब्र-हिजाब शब्द की भी एंट्री
चुनावी साल में अब एमपी में कब्र और हिजाब शब्द की भी इंट्री हो गई है. कांग्रेस नेता अवनीश बुंदेला ने भी बीजेपी पर बड़ा आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि बीजेपी ने जो यूपी में किया है, वही एमपी में दोहराती हुई नजर आ रही है. 18 साल से सरकार में रहते हुए बीजेपी कुछ नहीं कर पाई. अब चुनावी साल में बीजेपी के पास बताने को कुछ नहीं है, तो हिन्दू-मुस्लिम करने पर उतर आई है. कांग्रेस नेता ने कहा कि आने वाले दिनों में अब बीजेपी नेताओं के मुंह से कब्र, हिजाब जैसे शब्द भी सुनने को मिलेंगे.
ये भी पढ़ें: MP News: खंडवा की अनुभूति ने अमेरिका में बढ़ाया भारत का गौरव, जीता 'मिसेज इंडिया एलीट 2023' का खिताब























