रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर, 14 फरवरी से IRCTC की तरफ से 100% ट्रेनों में परोसा जाएगा पका हुआ खाना
IRCTC Food: भारतीय रेलवे ने कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण ट्रेन में पका हुआ भोजन परोसना बंद कर दिया था. IRCTC ने अब दोबारा से इस सेवा को शुरू करने का फैसला लिया है. 14 फरवरी से ये सेवा शुरू होगी.

रेल यात्रियों के लिए एक खुशखबरी है. 14 फरवरी से IRCTC द्वारा रेल यात्रा के दौरान शत-प्रतिशत ट्रेनों में पका खाना परोसा जाएगा. बता दें कि फिलहाल 80 फीसदी ट्रेनों में पका हुआ खाना दिया जा रहा है. यह सुविधा 100 फीसदी ट्रेनों में 14 फरवरी 2022 से शुरू की जाएगी.
IRCTC शत-प्रतिशत ट्रेनों में इस सेवा को दोबारा शुरू करेगा
पश्चिम मध्य रेल (WCR) के सीपीआरओ राहुल जयपुरियार ने बताया कि भारतीय रेलवे खान-पान और पर्यटन निगम लिमिटेड (आईआरसीटीसी) रेल मंत्रालय का एक सार्वजनिक उपक्रम है. जो भारतीय रेल के यात्रियों को प्रीमियम सेवाएं प्रदान करता है. यात्रा करने वाले यात्रियों की आवश्यकताओं और देश भर में COVID-19 के प्रतिबंधों में ढील के साथ आईआरसीटीसी शत-प्रतिशत ट्रेनों में पके हुए भोजन की सेवाओं को पुनः शुरू करने के लिए पूरी तरह से तैयार है.
रेलवे बोर्ड से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार पके हुए भोजन की बहाली पूरी सावधानियों के साथ यात्रियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए की गई है. इस तरह की सेवाएं लगभग 428 ट्रेनों में पके हुए भोजन के रूप में बहाल की जा चुकी हैं.
इन ट्रेनों में 21 दिसंबर से मिल रहा है पका भोजन
कोरोना संक्रमण की दर में हो रही कमियों को देखते हुए 21 दिसंबर से ही करीब 30 फीसदी और 22 जनवरी 2022 तक 80 फीसदी ट्रेनों में पके हुए भोजन की सेवा की बहाली कर दी गई थी. शेष बची 20 फीसदी ट्रेनों में 14 फरवरी 2022 तक इस सेवा को बहाल कर दिया जाएगा. राजधानी, शताब्दी और दुरंतो जैसी प्रीमियम ट्रेनों में पका हुआ भोजन 21 दिसंबर से परोसा जा रहा है.
कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण बंद थी सेवाएं
गौरतलब है कि 23 मार्च 2019 को कोरोना वायरस महामारी के कारण सुरक्षा उपायों को देखते हुए ट्रेनों में खान-पान सेवाओं को निलंबित कर दिया गया था. देश में कोविड के मामलों में गिरावट के साथ आईआरसीटीसी द्वारा 5 अगस्त 2020 से कुछ ट्रेनों में भोजन-सेवा शुरू की गई थी.
जयपुरियार के मुताबिक कोरोना महामारी को देखते हुए खान-पान की सुविधाओं में उच्च गुणवत्ता की स्वास्थ्यवर्धक सामग्रियों को शामिल किया गया है जिससे यात्रियों को पौष्टिक आहार मिल सके और वह सुरक्षित महसूस करें.
ये भी पढ़ें-























