CM उमर अब्दुल्ला से कितनी छोटी हैं नई दुल्हन निधि राजदान? जानें दोनों की उम्र
सीएम उमर अब्दुल्ला ने शादी के एक दिन बाद सोशल मीडिया पर अपने प्रशंसकों और समर्थकों के साथ अपनी शादी की जानकारी साझा की. उन्होंने कहा कि जीवन का एक नया अध्याय शुरू हो गया है.

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान के साथ शादी कर ली है. उन्होंने शनिवार को सोशल मीडिया के जरिए अपनी शादी की जानकारी साझा की. वहीं अब कई समर्थकों के मन में ये सवाल है कि आखिर उमर अब्दुल्ला की नई दुल्हन निधि उनसे उम्र में कितनी छोटी हैं.
दरअसल, सीएम उमर अब्दुल्ला की उम्र 56 साल है जबकि निधी राजदान अभी 49 साल की हैं. ऐसे में निधि राजदान उमर अब्दुल्ला से सात साल छोटी हैं और दोनों की ही ये दूसरी शादी है.
बता दें कि उमर अब्दुल्ला ने इंस्टाग्राम पर निधि राजदान के साथ एक तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, "कल से एक नए सफर की शुरुआत हुई." उन्होंने इस पोस्ट में निधि राजदान को भी टैग किया. उन्होंने एक्स पर भी इसकी पुष्टी की.
पायल नाथ से तलाक के बाद निधि से की शादी
उमर अब्दुल्ला की इस घोषणा के बाद उनके जीवन का एक नया अध्याय शुरू हो गया है. उन्होंने शादी के एक दिन बाद सोशल मीडिया पर अपने प्रशंसकों और समर्थकों के साथ यह जानकारी साझा की. यह कदम सुप्रीम कोर्ट द्वारा उमर अब्दुल्ला को उनकी अलग रह रहीं पत्नी पायल अब्दुल्ला से तलाक देने पर सहमति जताने के करीब तीन महीने बाद सामने आया है.
आपसी सहमति से खत्म किए थे वैवाहिक संबंध
दरअसल, 31 जुलाई 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने उमर अब्दुल्ला और पायल अब्दुल्ला की शादी को समाप्त करने का आदेश दिया था. इस दौरान दोनों पक्षों ने अदालत को बताया था कि वे आपसी सहमति से वैवाहिक संबंध खत्म करने और लंबित विवादों का निपटारा करने पर सहमत हो गए हैं. दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ दर्ज मामले भी वापस लेने पर सहमति जताई थी.
यह मामला सुप्रीम कोर्ट तब पहुंचा था, जब उमर अब्दुल्ला ने दिल्ली हाईकोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी थी, जिसमें उन्हें तलाक देने से इनकार कर दिया गया था. सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान दंपति ने संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत आपसी सहमति से विवाह विच्छेद की मांग करते हुए संयुक्त आवेदन दाखिल किया था. दंपति की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने अदालत को बताया था कि दोनों ने अपने मतभेद सुलझा लिए हैं और सभी विवादों को आपसी सहमति से खत्म करने पर सहमत हैं.
ये भी पढ़ें: CM उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान संग रचाई शादी, बोले- 'नया सफर शुरू'






















