Yogi Adityanath: योगी आदित्यनाथ ने अरविंद केजरीवाल पर बोला हमला, कहा- 'दिल्ली के विकास में AAP बड़ी बाधा'
Yogi Adityanath News: सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नमामि गंगे परियोजना के तहत उत्तर प्रदेश में गंगा का जल शुद्ध हो गया, लेकिन दिल्ली में यमुना आज भी दूषित है.

Yogi Adityanath On Arvind Kejriwal: दिल्ली के करोल बाग में गुरुवार को यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीजेपी उम्मीदवार दुष्यंत गौतम के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया. उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को निशाने पर लेते हुए डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां गिनाईं. साथ ही कहा कि दिल्ली के विकास में सबसे बड़ी बाधा आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल हैं.
उन्होंने कहा, "आप सरकार ने दिल्ली को समस्याओं का गढ़ बना दिया है." इसके अलावा, योगी आदित्यनाथ ने हरियाणा और महाराष्ट्र के बाद दिल्ली चुनाव में भी 'एक है तो सेफ है, बटोगे तो कटोगे' का नारा दिया.
यूपी के सीएम योगी दिल्ली की सड़कों और साफ-सफाई की तुलना उत्तर प्रदेश से करते हुए कहा, “दिल्ली के सड़कों पर गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़कें हैं, यह समझ नहीं आता. गंदगी के ढेर और सीवर की दुर्दशा ने दिल्ली को नर्क बना दिया है.”
दिल्ली की यमुना आज भी दूषित क्यों?
उन्होंने आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल को 'झूठ बोलने का एटीएम' करार देते हुए कहा, 'उनकी सरकार ने दिल्ली को केवल समस्याओं का गढ़ बना दिया है. यमुना नदी की सफाई के लिए आप सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया. नमामि गंगे परियोजना के तहत उत्तर प्रदेश में गंगा का जल शुद्ध हो गया, लेकिन दिल्ली में यमुना आज भी दूषित है.”
बांग्लादेशियों को बसाने का लगाया आरोप
सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली में बांग्लादेशी घुसपैठियों पर कहा, "केजरीवाल सरकार ने इन्हें हर महत्वपूर्ण स्थान पर बसाने का काम किया है. जब इनके विधायकों ने यूपी सरकार की जमीन पर कब्जा किया, तो मुझे यूपी से बुलडोजर भेजना पड़ा."
'विकास के लिए बनाएं डबल इंजन की सरकार'
योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली के लोगों से अपील की कि अगर विकास चाहते हैं तो यहां पर भी डबल इंजन की सरकार बनाएं. बीजेपी दिल्ली को फिर से इंद्रप्रस्थ जैसा वैभवशाली बनाने का काम करेगी. डबल इंजन सरकार ही दिल्ली को शुद्ध पेयजल, व्यवस्थित सीवर लाइन और स्वच्छता जैसी सुविधाएं दे सकती है.
Amanatullah Khan: बेटे का वीडियो वायरल होने पर AAP विधायक अमानतुल्लाह खान बोले, 'SHO के खिलाफ...'



















