DUSU चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी का बड़ा ऐलान, उम्मीदवारों को लेकर ASAP का रुख साफ
DUSU Elections 2025: आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनावों में धनबल के प्रयोग को रोकने के लिए साधारण पृष्ठभूमि के छात्रों को चुनाव लड़ने में मदद करने का ऐलान किया है.

दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति में व्याप्त धनबल और महंगे प्रचार तरीकों के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने स्वतंत्रता दिवस पर बड़ा ऐलान किया. पार्टी ने कहा कि अब साधारण पृष्ठभूमि के छात्र भी बिना भारी खर्च के छात्र संघ चुनाव लड़ पाएंगे, जिसके लिए पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई जाएगी. प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज, विधायक संजीव झा और पार्टी की छात्र इकाई ASAP ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी घोषणा की.
इस मौके पर सौरभ भारद्वाज ने कहा कि, जिस तरह फूड चेन में जहर घुलने पर पूरी चेन प्रभावित हो जाती है, उसी तरह राजनीति की शुरुआत छात्र-राजनीति से होती है, जिसमें शुरुआत में ही जहर डालने का काम किया जा रहा है. दिल्ली देश की राजधानी है और दिल्ली विश्वविद्यालय विश्व की सबसे प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में गिना जाता है, लेकिन यहां छात्र राजनीति में धनबल का खुला प्रयोग हो रहा है.
उन्होंने कहा कि, आम छात्र के लिए अब DUSU चुनाव लड़ना लगभग असंभव है. चुनाव से पहले महंगी पार्टियां, फिल्मों के शो और डिस्को का आयोजन कर वोट हासिल किए जाते हैं. इससे 17-18 साल के छात्रों के दिमाग में गलत संदेश जाता है कि, भैया ने हमे वो फिल्म दिखाई तो उन्हें वोट दें.
साधारण परिवार के छात्रों को लड़वायेगी चुनाव आप
भारद्वाज ने आरोप लगाया कि अब छात्र संघ चुनाव में साधारण पृष्ठभूमि का कोई भी बच्चा बिना बड़े पैमाने पर खर्च किए मुकाबले में नहीं उतर सकता. लेकिन हम आज से पारदर्शी छात्र राजनीति का अभियान शुरू कर रहे हैं. उन्होंने घोषणा की कि, DU के वे छात्र जो साधारण परिवार से हैं, जिनके पास सीमित संसाधन हैं, लेकिन चुनाव लड़ने का जज्बा रखते हैं, उन्हें ASAP विंग पूरा सहयोग देगी.
उम्मीदवारों के लिए शर्तें और प्रक्रिया
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि, कॉलेज चुनाव में उतरने के इच्छुक उम्मीदवार को कम से कम 10 छात्रों का समर्थन पत्र (रिकमेंडेशन) और DUSU चुनाव के लिए 50 छात्रों का प्रस्ताव आवश्यक होगा. आवेदन की अंतिम तारीख 25 अगस्त तय की गई है. उम्मीदवार को एक मिनट का वीडियो भी भेजना होगा, जिसमें वे अपना परिचय देंगे, साथ ही 200 से 500 शब्दों में यह बताना होगा कि, वे चुनाव क्यों लड़ना चाहते हैं और कैसे वे चुनाव को जीत सकते हैं.
पीएम मोदी की स्पीच पर कही ये बात
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण पर प्रतिक्रिया देते हुए सौरभ भारद्वाज ने कहा, “हमें नहीं पता कि सुदर्शन चक्र चलेगा या दिवाली पर क्या होगा. लेकिन हमारी मोदी जी से विनती है कि अडानी के नाम पर जो समन आया है, उसे जाकर अडानी साहब को सौंप दें. पूरा अमेरिका इससे परेशान है.”
सीएम रेखा गुप्ता पर बोला हमला
इस दौरान उन्होंने सीएम रेखा गुप्ता पर भी तीखा हमला बोला. भारद्वाज ने कहा, मेरे सीएम रेखा गुप्ता से कुछ सवाल हैं...कल कालकाजी इलाके में जिसके ऊपर पेड़ गिरा और वो मरा, क्या अरविंद केजरीवाल ने गिराया? क्या आपके आते ही स्कूलों के फीस बढ़ गए वो अरविंद केजरीवाल ने बढ़ाए? क्या आपके आते ही बरसात में 2 दर्जन से ज्यादा लोग बरसात से मत चुके क्या वो अरविंद केजरीवाल कर रहे हैं? आपको कुछ काम करना पड़ेगा, बिना काम किए कुछ नहीं होगा.


















