Chhattisgarh News: बीजेपी कार्यकर्ताओं ने किया कांग्रेस के विधायक कार्यालयों का घेराव, इस मांग पर जमकर किया हंगामा
Chhattisgarh: बस्तर के पूर्व बीजेपी सांसद दिनेश कश्यप और पूर्व मंत्री केदार कश्यप ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने शराबबंदी करने का झूठा वादा किया था.

एक तरफ जहां छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ईडी के छापे को लेकर एनएसयूआई और कांग्रेस के कार्यकर्ता ईडी कार्यालय का घेराव कर रही है और इस कार्यवाही के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रही है, वहीं दूसरी तरफ बस्तर में बीजेपी कांग्रेस के विधायकों के कार्यालयों का घेराव कर रही है, हालांकि बीजेपी का यह घेराव मोर आवास मोर अधिकार के तहत है. बीजेपी का आरोप है कि बस्तर के हितग्राहियों को केंद्र सरकार की महत्वकांक्षी योजना प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है.
मकान के लिए पंजीयन करे 2 साल बीत चुके हैं लेकिन अब तक ना उन्हें पैसा मिला है और ना ही उनके घर का निर्माण कार्य शुरू कराया गया है, जिसको लेकर बीजेपी बस्तर के सभी 12 विधानसभा सीटों के कांग्रेसी विधायकों के कार्यालयों का घेराव कर रही है. सोमवार को छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री केदार कश्यप के नेतृत्व में बस्तर और नारायणपुर जिले के बीजेपी कार्यकर्ताओं ने नारायणपुर के विधायक चंदन कश्यप के कार्यालय का घेराव किया. इस दौरान बीजेपी और वहां सुरक्षा में लगी पुलिस बल के बीच जमकर झूमा झटकी हुई, जिसके बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने अपनी गिरफ्तारी दी और मुचलके में उन्हें जमानत किया गया.
हजारों हितग्राहियों को नहीं मिल रहा पीएम आवास योजना का लाभ
बीजेपी कार्यकर्ताओं ने अपने मोर आवास मोर अधिकार और कांग्रेस हटाओ छत्तीसगढ़ बचाओ के बैनर तले नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के भानपुरी में विधायक चंदन कश्यप के कार्यालय का घेराव किया, इस दौरान बड़ी संख्या में बीजेपी के कार्यकर्ता मौजूद रहे. बस्तर के पूर्व बीजेपी सांसद दिनेश कश्यप और पूर्व मंत्री केदार कश्यप ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने शराबबंदी करने का झूठा वादा किया था और प्रदेश की जनता के हित के लिए लोक लुभावने वादे किए थे.
कांग्रेस की सरकार बने आज सवा 4 साल बीत चुके हैं लेकिन अपने घोषणा पत्र में किये गए कई वादों को राज्य सरकार पूरा नहीं कर पाई है. प्रदेश की जनता सरकार के झूठे वादों से तंग आ चुकी है, प्रदेश के साथ-साथ बस्तर संभाग के भी जनता प्रधानमंत्री आवास योजना से पूरी तरह से वंचित है. हजारों हितग्राहियों को मकान के लिए पंजीयन कराने के बावजूद आज तक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल पाया है.
जिस वजह से आम जनता में भी राज्य सरकार के प्रति काफी आक्रोश है, अपने वादा खिलाफी और केंद्र सरकार की योजना को धरातल में नहीं पहुंचा पाने के खिलाफ प्रदेश के बीजेपी नेताओं के आह्वान पर बस्तर संभाग के भी 12 विधानसभा सीटों में कांग्रेस के विधायक कार्यालय का घेराव कर रही है, और अपने द्वारा किए गए वायदे को पूरा करने की मांग कर रही है.





















