तेज प्रताप को रामकृपाल यादव की दो टूक, बोले- पहले अपनी डिग्री दिखाएं
तेज प्रताप यादव के चरवाहा विद्यालय वाले बयान पर मंत्री रामकृपाल यादव ने पलटवार किया. कहा कि सम्राट चौधरी पर सवाल उठाने से पहले तेज प्रताप और तेजस्वी अपनी शैक्षणिक योग्यता बताएं.

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की 'क्राइम-अपराध' वाले बयान के बाद उनकी शैक्षणिक योग्यता और आपराधिक मुकदमों को लेकर सियासी विवाद बढ़ता जा रहा है. विपक्ष के नेता लगातार मुख्यमंत्री पर सवाल उठा रहे हैं. अब इस मामले में बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने तेज प्रताप यादव और तेजस्वी यादव पर पलटवार किया है.
तेज प्रताप यादव ने सम्राट चौधरी की पढ़ाई को लेकर सवाल उठाते हुए पूछा था कि क्या उन्होंने चरवाहा विद्यालय में पढ़ाई की है? इस पर रामकृपाल यादव ने गुरुवार (05 नवंबर, 2026) को एबीपी न्यूज़ से कहा कि चरवाहा विद्यालय की शुरुआत तेज प्रताप यादव के पिता ने ही कराई थी. मुख्यमंत्री पर सवाल उठाने से पहले उन्हें अपनी शैक्षणिक योग्यता बतानी चाहिए.
यह भी पढ़ें- MLC चुनाव के नतीजों पर आज JDU की बड़ी बैठक, क्या होगा अभिषेक झा का कदम?
तेज प्रताप को रामकृपाल यादव का जवाब
रामकृपाल यादव ने कहा कि तेज प्रताप यादव पहले अपनी शैक्षणिक योग्यता साबित करें. उन्हें बताना चाहिए कि उन्होंने कहां से पढ़ाई की है. सम्राट चौधरी ने विश्वविद्यालय से पढ़ाई की है. यह सभी लोग जानते हैं. उन्होंने कहा कि किसी पर टिप्पणी करने से पहले खुद की योग्यता भी देखनी चाहिए.
तेजस्वी के आरोपों पर भी किया पलटवार
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी पर सात आपराधिक मुकदमे दर्ज होने और सातवीं पास होने का आरोप लगाया था. इस पर रामकृपाल यादव ने कहा कि तेजस्वी पहले यह बताएं कि उनके खिलाफ कितने मुकदमे चल रहे हैं और वे किन मामलों से जुड़े हैं.
उन्होंने तेजस्वी की शैक्षणिक योग्यता पर भी सवाल उठाए. मंत्री ने कहा कि सम्राट चौधरी पर कोई आरोप साबित नहीं हुआ है. वहीं, तेजस्वी यादव और उनका पूरा परिवार आपराधिक मामलों से घिरा हुआ है और कोर्ट के चक्कर लगा रहा है.
सम्राट चौधरी की पढ़ाई और मुकदमों पर सियासत तेज
दरअसल, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अपराध और कानून-व्यवस्था को लेकर दिए गए बयान के बाद बिहार में सियासी बयानबाजी तेज हुई है. विपक्ष उनकी शैक्षणिक योग्यता और आपराधिक मामलों को लेकर सवाल उठा रहा है. वहीं, बीजेपी के नेता इन आरोपों का जवाब दे रहे हैं. इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच लगातार जुबानी जंग जारी है.
राहुल राज के बीजेपी में शामिल होने पर क्या बोले?
सारण के एमएलसी डॉ. राहुल राज के बीजेपी को समर्थन देने के सवाल पर रामकृपाल यादव ने कहा कि कोई भी व्यक्ति किसी भी पार्टी को समर्थन दे सकता है. हालांकि, उन्होंने राहुल राज के बीजेपी में शामिल होने की बात से इनकार किया. विपक्ष की ओर से राहुल राज की विधान परिषद सदस्यता रद्द करने की मांग पर उन्होंने कहा कि अब इस मामले में विधान परिषद के सभापति को फैसला लेना है. सभापति कानूनी प्रक्रिया और नियमों को देखते हुए निर्णय करेंगे.
यह भी पढ़ें- दुलार चंद हत्याकांड: बाहुबली विधायक अनंत सिंह को राहत, सरेंडर की तारीख बढ़ी






















