राहुल गांधी को हिरासत में लेने पर पप्पू यादव बोले- 'नरेंद्र मोदी और ज्ञानेश…'
सांसद पप्पू यादव ने राहुल गांधी को निडर महायोद्धा बताया है. एक्स पर पोस्ट करते हुए पप्पू यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर हमला किया है.

आकाशवाणी भवन परिसर में धरने पर बैठे राहुल गांधी को मंगलवार (06 अक्टूबर, 2026) की रात दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया. उनके साथ प्रियंका गांधी और कई अन्य कांग्रेस नेता भी हिरासत में लिए गए. इस पर पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने प्रतिक्रिया दी है.
पप्पू यादव ने अपने एक्स हैंडल से पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर हमला किया. एक्स पर पप्पू यादव ने लिखा है, "नरेंद्र मोदी और ज्ञानेश ने मिलकर देश के लोकतंत्र के साथ जो कुकर्म किया है, उसके विरुद्ध जुझारू जन संघर्ष का सिर्फ एक नाम, वह हैं निडर महायोद्धा राहुल गांधी जी…"
नरेंद्र मोदी और ज्ञानेश ने मिलकर देश के लोकतंत्र के साथ जो कुकर्म किया है उसके विरुद्ध जुझारू जन संघर्ष का सिर्फ एक नाम, वह हैं निडर महायोद्धा राहुल गांधी जी https://t.co/7QtFUXQgFq
— Rajesh Ranjan Pappu Yadav (@pappuyadavjapl) October 6, 2026
'सबके खिलाफ एक्शन होगा...'
राहुल गांधी, प्रियंका गांधी आदि के हिरासत में लिए जाने पर बिहार कांग्रेस की ओर से कहा गया, "देश के गद्दार याद रखें, सबके खिलाफ एक्शन होगा, और इत्मीनान से हिसाब होगा."
कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने कहा, "अरे मुखबिरों, अंग्रेजों से पूछ लेते कि 'गांधी' को गिरफ्तार करने का अंजाम क्या हुआ था? पहले लड़े थे गोरों से, अब लड़ रहे चोरों से..."
बता दें कि INDIA ब्लॉक के सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आज (मंगलवार) आकाशवाणी भवन परिसर में धरना दे रहे थे. इससे पहले संसद भवन परिसर से मार्च निकाला गया था. नेता निर्वाचन सदन जाने से रोके जाने के बाद कांग्रेस के सांसद-नेता आकाशवाणी भवन परिसर में बैठ गए. इसके बाद रात में पुलिस ने हिरासत में लिया.
यह भी पढ़ें- राहुल गांधी के धरने पर कन्हैया कुमार बोले- 'मोदी, भागवत, शाह, ज्ञानेश…'
एनडीए के नेता लगातार साध रहे निशाना
उधर, कांग्रेस के प्रदर्शन पर एनडीए के नेता हमलावर हैं. जेडीयू के नेता और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह का कहना है कि लोकतंत्र और मानवता का ढोंग रचने वाले राहुल गांधी इतने दिन बीत जाने के बाद भी देश के बहादुर पायलट कैप्टन स्मित माछर को लेकर एक शब्द तक नहीं बोल पाए हैं. जिस पायलट ने अपनी जान पर खेलकर 170 से ज्यादा लोगों के प्राण बचाए, उसके लिए एक शब्द तक नहीं निकला. उनका पूरा समय चुनाव आयोग को कलंकित और बदनाम करने में खर्च होता है. राहुल गांधी नकारात्मक विचार के व्यक्ति हैं.
यह भी पढ़ें- इंडिया गठबंधन मार्च: RJD सांसद बोले- 'इस्तीफे से काम नहीं चलेगा, जब तक…'






















