इंडिया गठबंधन मार्च: RJD सांसद बोले- 'इस्तीफे से काम नहीं चलेगा, जब तक…'
आरजेडी सांसद सुधाकर सिंह का कहना है कि यह लोकतंत्र और संविधान बचाने की लड़ाई है. उन्होंने तो यहां तक कहा है कि इस मामले में सुप्रीम कोर्ट की भी मौन सहमति है.

निर्वाचन आयोग के खिलाफ INDIA ब्लॉक के सांसदों ने मंगलवार (06 अक्टूबर, 2026) को दिल्ली में विरोध मार्च निकाला. इस मौके पर आरजेडी सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि देश में केवल INDIA गठबंधन ही नहीं बल्कि सभी सही मतदाता एकजुट हैं. लोकतंत्र और संविधान बचाने की लड़ाई है.
उन्होंने कहा, "केवल इस्तीफे से काम नहीं चलेगा… जब तक पार्लियामेंट से कानून में संसोधन नहीं होगा और इलेक्शन कमिश्नर के पद को लोकतांत्रिक नहीं बनाया जाता है तब तक इस देश में इसी तरह से घटनाएं होती रहेंगी."
'सुप्रीम कोर्ट की भी इस मामले में मौन सहमित'
इस सवाल पर कि बीजेपी कह रही है कि ज्ञानेश कुमार नहीं गणेश जी चुनाव जितवा रहे हैं. इस पर सांसद सुधाकर सिंह ने कहा, "इनको ज्ञानेश जी और सुप्रीम कोर्ट दोनों बचा रहे हैं. सुप्रीम कोर्ट की भी इस मामले में मौन सहमति है."
यह भी पढ़ें- MLC चुनाव में क्यों बागी हुए उपेंद्र कुशवाहा के 3 विधायक? RJD ने बताया
पहली मांग- तुरंत हो ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा
दूसरी ओर कांग्रेस की सांसद रंजीत रंजन ने कहा की तीन मांगें हैं, एक ज्ञानेश कुमार का तुरंत इस्तीफा हो, दूसरा एसआईआर रद्द हो, तीसरा बैलेट पेपर से चुनाव हो. उन्होंने कहा कि अब तो सुप्रीम कोर्ट के जज ने भी कड़ी टिप्पणी दे दी है कि फॉर्म-6 में जो बदलाव किए गए उसकी जानकारी सुप्रीम कोर्ट को नहीं थी. जब तक ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं होगा पूरा विपक्ष और देश सड़कों पर रहेगा. हम लगातार इस आंदोलन को आगे बढ़ाएंगे.
लोकतंत्र से जीता जाता है चुनाव: रंजीत रंजन
सांसद रंजीत रंजन ने कहा कि सवाल देश के 13 करोड़ वोटर्स का है. हम उनके लिए लड़ रहे हैं. चुनाव लोकतंत्र से जीता जाता है. पीछे से चोरी करके नहीं जीता जाता है. ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना पड़ेगा.
यह भी पढ़ें- इंडिया गठबंधन के मार्च के बीच BJP बोली- 'इन कॉकरोचों को दौड़ा-दौड़ाकर…'






















