बांग्लादेश से भी खराब भारत की आर्थिक हालत? कांग्रेस MP मनोज कुमार का बड़ा दावा
कांग्रेस सांसद मनोज कुमार ने नेहा बोरा को लेकर बीजेपी के आरोपों का जवाब दिया. उन्होंने कहा कि प्रदर्शन करना साजिश नहीं है. एसआईआर, आर्थिक स्थिति और चुनाव आयोग को लेकर पढ़ें क्या कहा?

बिहार के सासाराम से कांग्रेस के लोकसभा सांसद मनोज कुमार ने नेहा बोरा को लेकर बीजेपी के आरोपों पर प्रतिक्रिया दी है. बीजेपी का आरोप है कि भारत में हो रहे प्रदर्शन बांग्लादेश से प्रभावित हैं और राहुल गांधी नेहा बोरा को चेहरा बना रहे हैं. इस पर मनोज कुमार ने कहा कि नेहा बोरा का बयान उनका व्यक्तिगत बयान हो सकता है. उन्होंने कहा कि एसआईआर के मुद्दे पर कांग्रेस लोकतंत्र, देश और संविधान को बचाने के लिए सड़कों पर है.
मनोज कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने और प्रदर्शन करने की स्वतंत्रता है. प्रदर्शन करना साजिश रचना नहीं होता. भारत लोकतंत्र की जननी है. उन्होंने सवाल उठाया कि जब देश में लोग अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रहे हैं, तो इसे साजिश कैसे कहा जा सकता है?
यह भी पढ़ें- तेजस्वी यादव का अपने ही क्षेत्र में भारी विरोध, लोग बोले- इस्तीफा दे दीजिए
आर्थिक स्थिति पर भी उठाए सवाल
कांग्रेस सांसद ने आर्थिक मोर्चे पर सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक स्थिति पर सवाल उठ रहे हैं. उन्होंने कहा कि भारत आर्थिक मोर्चे पर बांग्लादेश से भी पीछे हैं. भारत की आर्थिक स्थिति को लेकर भी गंभीर चर्चा होनी चाहिए. साथ ही कहा कि ऐसे में 'विश्व गुरु' बनने का दावा करना बेइमानी होगी.
गरीबों के लिए घर बनाने के दावे पर पूछा हिसाब
मनोज कुमार ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पुराने बयान का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि पहले गरीबों की झोपड़ी की जगह हवेली बनाने की बात कही जाती थी. अब सरकार को बताना चाहिए कि पिछले 10 वर्षों में कितने गरीबों को बेहतर आवास मिले हैं.
चुनाव आयोग और एसआईआर पर भी साधा निशाना
मनोज कुमार ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए. उन्होंने बिहार और बंगाल के चुनावों को लेकर नियमों के पालन पर चिंता जताई. उनका दावा था कि चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची में नाम जोड़ने को लेकर अधिकारियों ने भी सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि ईआरओ के पत्र और फॉर्म-6 में बदलाव से जुड़े मुद्दे कांग्रेस ने नहीं, बल्कि संबंधित अधिकारियों ने उठाए हैं. मनोज कुमार ने आरोप लगाया कि इन सवालों से ध्यान हटाने के लिए प्रदर्शन को साजिश बताया जा रहा है.
यह भी पढ़ें- कांग्रेस सांसद अकोइजम पर आरोपों से मचा बवाल, CJP की तिरंगा यात्रा पर BJP-JDU की चेतावनी






















