कैमूर: भूमि विवाद में बेटे ने मां को मारी गोली, फिर बंदूक छोड़कर हो गया फरार
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची मोहनिया पुलिस ने घायल महिला के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है, वहीं सौतेले बेटे की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

कैमूर: बिहार के कैमूर के मोहनिया के वार्ड नंबर-16 में सौतेले बेटे ने मां को गोली मार दी. गोली लगने की वजह से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में मोहनिया अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. इधर, गोलीबारी की घटना के बाद आरोपी युवक फरार हो गया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
मिली जानकारी अनुसार मोहनिया शहर के वार्ड नंबर-16 निवासी मुगली देवी अपने घर के बाहर कुर्सी लगाकर बैठी थी. तभी सौतेले बेटे ने मां को गोली मार दी और बंदूक वहीं छोड़कर फरार हो गया. इधर, जैसे ही गोली की आवाज लोगों ने सुनी तो आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और घायल महिला को इलाज के लिए मोहनिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया.
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कर रही छापेमारी
इधर, घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची मोहनिया पुलिस ने घायल महिला के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है, वहीं सौतेले बेटे की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. वहीं पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर घटना में प्रयुक्त बंदूक को जब्त कर लिया. इस संबंध में मोहनिया थानाध्यक्ष राम कल्याण यादव ने बताया कि एक महिला को गोली लगी है. घटना की जांच की जा रही है.
इधर, घायल महिला की बहन ने बताया कि दीदी बाहर बैठी हुई थी. पहले से भूमि विवाद चल रहा था. इसी क्रम में उनका सौतेला बेटा आया और उन्हें गोली मारकर घायल कर दिया.






















