बिहार में 31 अक्टूबर तक अलर्ट! बिजली गिरने और तेज हवाओं का खतरा
बिहार में 29 से 31 अक्टूबर तक बारिश, वज्रपात और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं का अलर्ट है. किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

बिहार में मौसम का मिजाज बदल गया है. चक्रवाती तूफान अर्नब के संभावित असर के बीच राज्य में बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग के अनुसार, 29 से 31 अक्टूबर 2026 के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ जगहों पर भारी से अत्यंत भारी बारिश की आशंका है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. आज गुरुवार को पटना में सुबह से बादल छाए रहे और कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई. तापमान गिरने से ठंड का एहसास भी बढ़ा है.
मौसम विभाग के मुताबिक, बदलते मौसम के कारण राज्य के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. कुछ स्थानों पर बिजली गिरने का खतरा भी रहेगा. तेज हवाओं के चलते कमजोर ढांचों, कच्चे मकानों और झुग्गियों को नुकसान पहुंच सकता है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
यह भी पढ़ें- बैलेट पेपर से चुनाव पर JDU ने कांग्रेस को घेरा, राहुल गांधी से कह दी बड़ी बात
जलजमाव और यातायात प्रभावित होने की आशंका
लगातार बारिश से निचले इलाकों में पानी भर सकता है. सड़कों पर जलजमाव होने से यातायात और परिवहन व्यवस्था प्रभावित हो सकती है. कुछ नदियों का जलस्तर भी अचानक बढ़ सकता है. ऐसे में नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है.
किसानों को फसल सुरक्षित रखने की सलाह
तेज बारिश और हवा से धान की खड़ी फसल तथा केले, पपीते, सहजन और आम के पेड़ों को नुकसान हो सकता है. किसानों को सलाह दी गई है कि पकी हुई खरीफ फसलों, खासकर धान की कटाई कर उसे सुरक्षित और सूखी जगह पर रखें. खराब मौसम के दौरान कटाई रोक दें. खेतों में अतिरिक्त सिंचाई न करें और पानी निकासी की व्यवस्था बनाए रखें.
बिजली चमकने पर खुले स्थानों से दूर रहें
मेघगर्जन के दौरान खेतों, खुले मैदानों, ऊंचे पेड़ों, बिजली के खंभों और जलाशयों से दूर रहें. बिजली चमकने पर किसी मजबूत पक्के भवन के अंदर शरण लें. पेड़ों के नीचे खड़े न हों. तेज हवा के समय कमजोर छतों और असुरक्षित ढांचों से भी दूरी बनाए रखें. लोगों को मौसम संबंधी आधिकारिक चेतावनियों पर नजर रखने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है.
यह भी पढ़ें- बिहार MLC चुनाव में बदले समीकरण, नतीजों ने दिए ये खास संदेश






















