Bihar Politics: प्रधानमंत्री पद को लेकर बोले उपेंद्र कुशवाहा- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सर्वश्रेष्ठ साबित होंगे
Upendra Kushwaha Statement: उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि मेरे लिए राज्य कैबिनेट की सीट मायने नहीं रखती. अभी मेरा ध्यान सिर्फ 2024 तक अपनी पार्टी और अपने नेता को स्थापित करने पर है.

पटना: जेडीयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा (Upendra Kushwaha) ने रविवार को कहा कि अगर 2024 में परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो नीतीश कुमार (Nitish Kumar) सर्वश्रेष्ठ प्रधानमंत्री साबित होंगे, लेकिन उनकी पार्टी विपक्ष की एकता की कीमत पर इसके लिए जोर नहीं डालेगी. कुशवाहा हालांकि इस सवाल को टाल गए कि अगर राज्य में सबसे लंबे कार्यकाल वाले मुख्यमंत्री नीतीश राष्ट्रीय राजनीति में चले जाते हैं तो राज्य में उनका उत्तराधिकारी कौन होगा.
सप्ताह भर से ज्यादा समय तक बाहर रहने के बाद हाल ही में बिहार लौटे पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने उन अटकलों पर आश्चर्य व्यक्त किया कि नीतीश कुमार के नए मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने से वह परेशान हैं. उन्होंने कहा, "कृपया इसे रिकॉर्ड कर लें और अगर मैं कभी अपने शब्दों से पीछे हटता हूं तो मुझे याद दिलाएं. मैं राज्य में कभी मंत्री नहीं बनने जा रहा हूं. ऐसा करना मेरे लिए पदावनति होगी."
यह भी पढ़ें- Bihar News: आरजेडी ने बीजेपी पर तेज किए हमले, सुशील मोदी पर लगाया जमीन हड़पने का गंभीर आरोप
'मेरे लिए राज्य कैबिनेट की सीट मायने नहीं रखती'
बता दें कि पिछले साल ही जेडीयू में लौटे कुशवाहा ने आरएलएसपी का इस दल में विलय कर दिया था. उन्होंने नीतीश से अलग होकर 2013 में आरएलएसपी का गठन किया था. उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि वह केंद्र में मंत्री, लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य, विधायक रह चुके हैं और अब विधान परिषद के सदस्य हैं. "मेरे लिए राज्य कैबिनेट की सीट मायने नहीं रखती. मुझे विश्वास है कि हमारे नेता (नीतीश) समाजवादी विचारधारा को बनाए रखने के अभियान का नेतृत्व करने के लिए सबसे अच्छे व्यक्ति हैं. अभी मेरा ध्यान सिर्फ 2024 तक अपनी पार्टी और अपने नेता को स्थापित करने पर है."
बीजेपी के आरोपों का दिया जवाब
बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद जंगल राज की वापसी की बीजेपी की टिप्पणी पर उन्होंने कहा, "बीजेपी के साथ यही समस्या है. जब तक आप उनके साथ हैं, सब कुछ ठीक रहता है. जिस क्षण आप अलग हो जाते हैं, सारी सीमा वे पार कर जाते हैं." कुशवाहा ने कहा, "जब तक नीतीश कुमार उनके साथ थे वे उनकी तारीफों के पुल बांध रहे थे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें समाजवादी मूल्यों की प्रतिमूर्ति बता रहे थे लेकिन अब वही नीतीश कुमार उनके लिए सबसे नीच हो गए हैं." उन्होंने नए मंत्रिमंडल में दागी मंत्रियों के आरोपों को भी यह दावा करते हुए खारिज कर दिया कि अन्य राज्यों में कई बीजेपी मंत्रिमंडलों में गंभीर मामलों के आरोपी शामिल हैं.
यह भी पढ़ें- Bihar: उपेंद्र कुशवाहा ने मंत्री नहीं बनाए जाने के कारण नाराज होने की अटकलों को किया खारिज, कही ये बात
























