नीरज कुमार संग विवाद की चर्चा के बीच अनंत सिंह का दावा, 'JDU में सब...'
अनंत सिंह ने जेडीयू में घमासान की चर्चा को खारिज करते हुए कहा कि सब ठीक है. उन्होंने दीदारगंज से बख्तियारपुर तक रोड शो कर जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह के लिए वोट मांगे.

बिहार में जेडीयू के अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच विवाद की चर्चा के बीच अनंत सिंह ने पार्टी में किसी तरह के घमासान से इनकार किया है. बुधवार (7 अक्टूबर) को उन्होंने पटना के दीदारगंज से बख्तियारपुर तक रोड शो किया और जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अनुज कुमार सिंह के लिए वोट मांगे. इस दौरान उन्होंने कहा कि पार्टी में सब कुछ ठीक है और वह जनता के बीच जाकर अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं.
अनंत सिंह ने कहा, “पार्टी में कोई घमासान नहीं है, सब कुछ ठीक है. जनता भगवान है, हम जनता के बीच जा रहे हैं.” उन्होंने यह भी कहा कि जनता जब भी बुलाएगी, वह हमेशा उसके बीच मौजूद रहेंगे.
यह भी पढ़ें- जन सुराज का दामन थामेंगे JDU के अनंत सिंह? प्रशांत किशोर बोले- 'अभी…'
दीदारगंज से बख्तियारपुर तक रोड शो
अनंत सिंह ने फतुहा में अनुज कुमार सिंह के समर्थन में रोड शो किया. रोड शो महारानी चौक से शुरू हुआ और चौराहा होते हुए दरियापुर से आगे बढ़कर बख्तियारपुर में खत्म हुआ. रास्ते में कई जगह समर्थकों ने उनका स्वागत किया. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग उनके साथ मौजूद रहे.
अनुज सिंह के लिए मांगा वोट
रोड शो के दौरान अनंत सिंह ने कहा कि वह अनुज सिंह की जीत पक्की करने के लिए जनता के बीच पहुंचे हैं. उन्होंने लोगों से अनुज कुमार सिंह के पक्ष में मतदान करने की अपील की. अनंत सिंह के इस प्रचार को एमएलसी चुनाव के बीच काफी अहम माना जा रहा है.
अनंत-नीरज विवाद पर बोले- सब ठीक
जेडीयू के अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच विवाद को लेकर पिछले कुछ दिनों से पार्टी के भीतर खींचतान की चर्चा है. इसी बीच अनंत सिंह का यह बयान सामने आया है. उन्होंने विवाद को लेकर किसी तरह की चिंता से इनकार करते हुए साफ कहा कि पार्टी में सब कुछ ठीक है.
नीतीश के घर फिर हुई बैठक
एमएलसी चुनाव को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पर बुधवार को फिर बैठक हुई. इसमें संजय झा, जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, मंत्री श्रवण कुमार और एमएलसी संजय गांधी मौजूद रहे. बताया जा रहा है कि बैठक में अनंत सिंह और नीरज कुमार के विवाद पर भी चर्चा हुई. इससे पहले भी इस मुद्दे पर दो बैठकें हो चुकी हैं. लेकिन अनंत सिंह नहीं माने.
यह भी पढ़ें- 'ज्ञानेश कुमार से सवाल, पक्ष BJP रख रही', कांग्रेस बोली- 'इससे बड़ा...'






















