अरवल: 21 सितंबर से खुल जाएंगे सभी स्कूल, बच्चों का मास्क पहनकर आना होगा अनिवार्य
स्कूल के सभी शिक्षक और बच्चों को मास्क पहनकर के आना होगा. क्लास में भी बच्चों को दूरी बनाकर बैठाना होगा.

अरवल: जिले में सोमवार से सभी स्कूलों को खोलने का निर्णय जिला प्रशासन ने लिया है. 21 सितंबर से जिले के सभी स्कूल खुल जाएंगे. इस बाबत शनिवार को जिला पदाधिकारी रवि शंकर चौधरी की अध्यक्षता में कोविड -19 जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में डीएम ने कहा कि 21 सितंबर, 2020 से सभी प्राथमिक, मीडिल, हाई स्कूल और कॉलेज खुल रहे हैं. इन जगहों पर भी पूरी तरह से सावधानी बरतनी है.
क्लास में दूरी बनाकर बैठना होगा जरूरी
उन्होंने कहा कि स्कूल के सभी शिक्षक और बच्चों को मास्क पहनकर के आना होगा. क्लास में भी बच्चों को दूरी बनाकर बैठाना होगा. पूरे जिला में जांच अभियान चल रहा है. ऐसे में जिस भी शिक्षक और बच्चे ने जांच नहीं कराया है, उनकी शीघ्र जांच हो जानी चाहिए. साथ ही शिक्षकगण अन्य लोगों को भी जांच कराने के लिए अपने स्तर से प्रेरित करेंगे.
स्कूलों को रोजाना कराना है सैनिटाइज
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी को निदेशित किया गया कि सभी स्कूलों में स्प्रेइंग मशीन खरीदकर प्रतिदिन सैनिटाइज कराना है. डीएम ने कहा कि जिला अन्तर्गत सभी लोगों के जांच के उद्देश्य के तहत प्रतिदिन पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर जांच की जा रही है. जांच के एक दिन पहले पूरे पंचायत में माईकिंग द्वारा प्रचार-प्रसार कराना है, ताकि अधिक से अधिक लोग जांच कैम्प में आकर जांच करा सके.
Source: IOCL
























