आरा: मां को डूबता देख बचाने के लिए बेटे ने तालाब में लगाई छलांग, दोनों की डूबकर मौत
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने दो घंटे के कड़ी मशक्कत के बाद मां और बेटे के शव को तालाब से बाहर निकाला.

आरा: जिले में कलेक्ट्रेट तालाब में डूबने से मां और बेटे की मौत हो गई है. इस घटना के बाद मृतक के घर में मातम पसर गया है, घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना जिले के आरा-नवादा थाना इलाके की है, जहां कलेक्ट्रेट तालाब में नहाने के दौरान बेटे की मां को बचाने के क्रम में मौत हो गई है.
मां को डूबता देख बेटे ने लगाई छलांग
मिली जानकारी अनुसार महिला अपने बेटे के साथ कलेक्ट्रेट तालाब में नहाने गई थी. इसी दौरान गहरे पानी में जाने के कारण वह डूबने लगी. मां को डूबते देख बेटे ने भी पानी में छलांग लगा दी. इस दौरान तालाब में डूबने से दोनों की मौत हो गई. मृतक के परिजनों ने इसकी सूचना संबंधित पुलिस थाने को दी, जिसके बाद एसडीआरएफ की टीम को कलेक्ट्रेट तालाब बुलाया गया.
एसडीआरएफ की टीम ने निकाला शव
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने दो घंटे के कड़ी मशक्कत के बाद मां और बेटे के शव को तालाब से बाहर निकाला. बता दें कि मृतको में चरपोखरी थाना क्षेत्र के करनौल चांदी गांव निवासी भगवान राम की 50 वर्षीया पत्नी बवनी देवी और उनका 14 वर्षीय बेटा सोमारू राम शामिल है. बताया जा रहा है कि महिला मंगलवार शाम को ही नहाने गई थी. लेकिन वह देर रात तक घर नहीं लौटी थी.






















