World Cup 2019: बारिश की वजह से दक्षिण अफ्रीका और वेस्ट इंडीज का मैच रद्द हुआ
World Cup 2019: बारिश आने से पहले मैच में वेस्ट इंडीज का पलड़ा भारी लग रहा था, क्योंकि उसके गेंदबाजों ने 7.3 ओवर में ही 29 के स्कोर पर 2 विकेट झटक लिए थे.

World Cup 2019: वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जाने वाला 15वां मैच बारिश की भेंट चढ़ गया, जिससे दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला. बारिश के कारण मैच में सिर्फ 7.3 ओवर का खेल हो पाया जिसमें दक्षिण अफ्रीका ने दो विकेट खोकर 29 रन बनाए.
बारिश के कारण जब खेल रोका गया तब सलामी बल्लेबाज क्विंटन डि कॉक 17 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि कप्तान डु प्लेसिस ने खाता भी नहीं खोला था. दक्षिण अफ्रीका ने इसके साथ ही विश्व कप में अपने अंकों का खाता खोला. टीम के चार मैचों में तीन हार और एक बेनतीजा मैच से सिर्फ एक अंक है और उसकी सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने की राह लगातार मुश्किल होती जा रही है. टीम अभी नौवें स्थान पर चल रही है और उसके अलावा सिर्फ अफगानिस्तान ऐसी टीम है जो विश्व कप में अब तक कोई मैच नहीं जीत सकी है.
वेस्टइंडीज के इस मैच के बाद तीन मैचों में तीन अंक हो गए हैं और टीम पांचवें स्थान पर चल रही है. श्रीलंका और पाकिस्तान के भी तीन-तीन मैचों में तीन-तीन अंक हैं लेकिन बेहतर नेट रन रेट के कारण वेस्टइंडीज इन दोनों टीमों से ऊपर है.
मौजूदा विश्व कप में यह दूसरा मैच है जिसे बारिश के कारण रद्द करना पड़ा. इससे पहले पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच होने वाले मुकाबले में भी बारिश के कारण एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी थी.
इससे पहले वेस्टइंडीज के कप्तान जेसन होल्डर ने टास जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और गेंदबाजों ने उनके फैसले को सही साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी. खराब फार्म से जूझ रहे सलामी बल्लेबाज हाशिम अमला एक बार फिर नाकाम रहे और सात गेंद में छह रन बनाने के बाद तेज गेंदबाज शेल्डन कोटरेल (18 रन पर दो विकेट) की गेंद पर स्लिप में क्रिस गेल को आसान कैच बैठे.
दक्षिण अफ्रीका की टीम इस झटके से उबरी भी नहीं थी कि कोटरेल ने एडम मार्कराम (05) को भी विकेटकीपर शाई होप के हाथों कैच कराके टीम का स्कोर दो विकेट पर 28 रन कर दिया. इसके कुछ देर बार ही बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा जो दोबारा शुरू नहीं हो पाया.
Source: IOCL


























