वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान के मैच को लेकर ICC को मैंने कोई लेटर नहीं लिखा: अमिताभ चौधरी
पुलवामा अटैक के बाद से ही भारत के कई दिग्गज क्रिकेट वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के साथ मैच ना खेलने की बात कह चुके हैं.

पुलवामा हमले के बाद से ही इस साल होने वाले वर्ल्ड में भारत-पाकिस्तान के मैच को लेकर खतरे के बादल मंडरा रहे है. सौरभ गांगुली जैसे दिग्गज क्रिकेटर पाकिस्तान के साथ मैच नहीं खेलने की बात कह चुके हैं. BCCI के कार्यवाहक सचिव अमिताभ चौधरी ने कहा है कि उन्होंने पाक पर एक्शन लेने को लेकर ICC को कोई पत्र नहीं लिखा है.
चौधरी से पूछा गया था कि क्या पत्र में सीधे तौर पर पाकिस्तान का नाम न लेना गलती थी? इस पर चौधरी ने कहा कि, "मैंने कोई पत्र नहीं लिखा." चौधरी ने कहा, "आईसीसी के चेयरमैन ने इस मुद्दे पर बयान दिया है और कहा है कि यह मुद्दा आईसीसी की पहुंच से बाहर है."
उन्होंने कहा, "मैं यहां साफ तौर पर कहना चाहता हूं कि विचारों में मतभेद नहीं हैं. बीसीसीआई सीईओ की आईसीसी के साथ लिखित में बातचीत हुई है. इसमें दो मुद्दे थे. पहला खिलाड़ी और प्रशंसकों की सुरक्षा को लेकर." इससे पहले बीसीसीआई की अपील को आईसीसी ने खारिज कर दिया था. आईसीसी ने कहा था कि उसका इस तरह के मसलों से कोई लेना-देना नहीं हैं.
बीसीसीआई ने आईसीसी को पत्र 14 फरवरी को पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद लिखा था जिसमें 40 से ज्यादा सीआरपीएफ जवान शहीद हो गए थे. चौधरी ने कहा कि इंग्लैंड में मई से शुरू होने वाले वनडे विश्व कप से पहले बीसीसीआई की प्राथमिक चिंता खिलाड़ियों की सुरक्षा है.
उन्होंने कहा, "दूसरा मुद्दा यह था कि भारत और आईसीसी के अन्य सदस्य उन टीमों के साथ न खेलें जहां इस तरह की गतिविधियों को पनाह मिलती है." चौधरी ने कहा, "इस पर आईसीसी ने विचार करने के बाद कहा है कि यह बात आईसीसी के अधिकार क्षेत्र में नहीं है."






















