चोटिल युवराज की जगह अब फोकस रहाणे पर
चोटिल युवराज की जगह अब फोकस रहाणे पर


मोहाली: युवराज सिंह के ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आईसीसी विश्व टी20 मैच में टखना चोटिल करने के बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले भारत के सेमीफाइनल मुकाबले से पहले फोकस अब अंजिक्य रहाणे पर आ गया है.
रहाणे ने अभी तक टूर्नामेंट में कोई भी मैच नहीं खेला है, अगर युवराज 31 मार्च को होने वाले अंतिम चार के मुकाबले के लिये समय पर उबर नहीं पाते हैं तो रहाणे को अपने घरेलू मैदान मुंबई में खेलने का मौका मिल सकता है.
कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने बीती रात छह विकेट की जीत के बाद बात करते हुए कहा था कि हालात को देखते हुए अगर प्लेइंग इलेवन में बदलाव की जरूरत होती है तो वह इसके लिए तैयार हैं.
धोनी ने कहा, ‘‘मुझे नहीं पता कि हमें बदलाव करने चाहिए या नहीं लेकिन विकेट को देखते हुए यह संभव है. हमें युवराज की चोट को भी देखना होगा. अगर फिजियो कहता है कि उसकी चोट अच्छी स्थिति में नहीं है तो हम निश्चित रूप से उनकी जगह उतारने के लिये खिलाड़ी तैयार चाहेंगे. ’’
टीम प्रबंधन युवराज की चोट का आकलन कर रहा है. टखना मुड़ने के बाद युवराज दर्द से कराह रहे थे और फिजियो उन्हें देखने मैदान में गये थे. अगर जरूरत पड़ती है तो रहाणे को मैच के लिये तैयार रहना चाहिए और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच से पहले ही उन्होंने आई एस बिंद्रा स्टेडियम में नेट पर ज्यादा समय बिताना शुरू कर दिया था.


















