वकार ने कहा- सचिन महान लेकिन कोहली तोड़ेंगे सारे रिकॉर्ड
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वकार यूनुस ने कहा कि भारतीय कप्तान विराट कोहली आने वाले सालों में बल्लेबाजी के सभी रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं.

कराची: पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वकार यूनुस ने कहा कि भारतीय कप्तान विराट कोहली आने वाले सालों में बल्लेबाजी के सभी रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं.
वकार ने कहा, ‘‘कोहली जिस तरह अपनी फिटनेस को को बनाए रखते हैं और जिस एकाग्रता तथा कौशल के साथ खेल का लुत्फ उठाते हैं उससे मुझे लगता है कि आने वाले सालों में वह बल्लेबाजी के सभी रिकॉर्ड तोड़ देंगे.’’ पिछले साल पाकिस्तान का मुख्य कोच पद से इस्तीफा देने वाले इस पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा कि कोहली इस समय के क्रिकेट के सर्वोच्च प्रतिभावान खिलाड़ी है.
अपने समय के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज के बारे में बात करते हुये वकार ने कहा कि पिछले एक दशक में क्रिकेट में काफी बदलाव आया है लेकिन कोहली की फिटनेस के प्रति ललक और बल्लेबाजी कौशल में सुधार को देखते हुए उन्होंने शीर्ष पर रखा है.
वकार ने कहा, ‘‘जिस तरह मैं उन्हें देख रहा हूं, वह बल्लेबाजी के बहुत सारे रिकॉर्ड अपने नाम करेंगे.’’ क्रिकेट के दो महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और ब्रायन लारा की तुलना पर पूछे गये सवाल के जवाब में उन्होंने भारतीय खिलाड़ी को बेहतर बताया.
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने तेंदुलकर के खिलाफ काफी खेला है. उन्होंने हमारे खिलाफ डेब्यू किया था. एक पेशेवर के तौर पर मैंने उन्हें कई वर्षों तक देखा है और मैंने वैसा खिलाड़ी नहीं देखा है. जिन बल्लेबाजों को मैंने गेंदबाजी की है उनमें वह सर्वश्रेष्ठ थे और उनके खिलाफ खेलना चुनौतीपूर्ण होता है.’’ उन्होंने कहा कि लारा नैसर्गिक प्रतिभावान खिलाड़ी थे और जब उनका दिन होता था तो वह काफी खतरनाक होते थे.
वकार ने कहा कि कप्तान और कोच के तौर पर अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कभी अनुशासन पर समझौता नहीं किया.
उन्होंने कहा, ‘‘मैं हमेशा मानता हूं कि क्रिकेट में जब तब आप अनुशासित नहीं होंगे आपकी प्रतिभा टीम के लिए किसी काम की नहीं.’’
Source: IOCL


















