दिग्गज खिलाड़ी ने चुनी इंडिया की बेस्ट क्रिकेट टीम, गांगुली को बनाया कप्तान, लक्ष्मण को जगह नहीं
ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज खिलाड़ी ने अपने देश के खिलाफ सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को ही टीम में जगह नहीं दी है.

नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज स्पिनर शेन वॉर्न ने भारत की सर्वश्रेष्ठ टीम की कमान सौरव गांगुली को दी है. हालांकि शेन वॉर्न ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन वी वी एस लक्ष्मण को टीम में जगह नहीं दी है. वार्न ने इस टीम में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर और नवजोत सिंह सिद्धू को भी रखा है.
वार्न ने कहा कि उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली को इसलिए जगह नहीं क्योंकि उन्होंने केवल उन्हीं खिलाड़ियों में से टीम चुनी है जिनके खिलाफ वह खेले हैं. वार्न ने कहा, ''मैं केवल उन्हीं खिलाड़ियों को चुन रहा हूं जिनके खिलाफ मै खेला और इसलिए महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली इस टीम का हिस्सा नहीं बन रहे हैं. धोनी जहां इस खेल के बेस्ट विकेटकीपर बल्लेबाजों में शामिल हैं वहीं कोहली सभी प्रारूपों के बेस्ट बल्लेबाजों में से एक हैं.''
वार्न ने लक्ष्मण को भी नजरअंदाज किया है जिन्हें एक समय उन्होंने अपना कड़ा प्रतिद्वंद्वी बताया था. उन्होंने कहा कि गांगुली को टीम में रखने के लिये इस कलात्मक हैदराबादी बल्लेबाज को टीम से बाहर करना पड़ा.
उन्होंने कहा, ''मैंने गांगुली को चुना क्योंकि मैं उन्हें अपनी टीम का कप्तान बनाना चाहता था और इसलिए लक्ष्मण को टीम में जगह नहीं मिली.'' वार्न ने विकेटकीपर के तौर पर नयन मोंगिया को चुना है. इस टीम में 1983 विश्व कप विजेता टीम के कप्तान कपिल देव, स्पिनर अनिल कुंबले, हरभजन सिंह और तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ भी शामिल हैं.
सिद्धू को भी मिली जगह
इस लेग स्पिनर ने वीरेंद्र सहवाग और सिद्धू को सलामी बल्लेबाज चुना है. उनकी बल्लेबाजी लाइन अप में राहुल द्रविड़, तेंदुलकर और मोहम्मद अजहरूद्दीन शामिल हैं. अन्य सलामी बल्लेबाजों पर सिद्धू को प्राथमिकता देने के बारे में वार्न ने कहा कि पंजाब का यह बल्लेबाज उनके दिनों में स्पिन के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी था.
शेन वार्न की सर्वकालिक भारत एकादश : सौरव गांगुली (कप्तान), वीरेंद्र सहवाग, नवजोत सिंह सिद्धू, राहुल द्रविड़, सचिन तेंदुलकर, मोहम्मद अजहरुद्दीन, कपिल देव, नयन मोंगिया (विकेटकीपर), हरभजन सिंह, जवागल श्रीनाथ, अनिल कुंबले.
युवराज सिंह ने ट्रोल करने वालों को दिया जवाब, कहा- इंसानियत के लिए हमेशा खड़ा रहूंगा


















