IPL के इम्पैक्ट प्लेयर नियम पर दिनेश कार्तिक का हैरान करने वाला बयान, जानें क्या कहा
पूर्व क्रिकेटर दिनेश कार्तिक IPL की मौजूदा चैंपियन RCB के बैटिंग कोच और मेंटॉर हैं. कार्तिक ने आईपीएल के 'विवादित' इम्पैक्ट प्लेयर नियम पर बड़ा बयान दिया है.

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का इम्पैक्ट प्लेयर नियम लंबे वक्त से चर्चा का विषय बना हुआ है. खुद खिलाड़ियों ने कई बार इस नियम की आलोचना की है. रोहित शर्मा से लेकर विराट कोहली तक, कई स्टार खिलाड़ी इस नियम को नुकसानदायक बता चुके हैं. क्रिकेट के जानकारों का कहना है कि इस नियम की वजह से ही ऑलराउंडर का महत्व कम हो रहा है. अब आईपीएल के 20वें सीजन से पहले मौजूदा चैंपियन आरसीबी के बैटिंग कोच और मेंटॉर दिनेश कार्तिक ने इम्पैक्ट प्लेयर नियम पर बड़ा बयान दिया है.
दिनेश कार्तिक मानते हैं कि इस नियम की वजह से ऑलराउंडर खिलाड़ी नहीं तैयार हो रहे हैं. उन्होंने इस नियम की आलोचना भी की, लेकिन साथ ही इसे आईपीएल के 20वें सीजन यानी आईपीएल 2027 में जारी रखने का भी समर्थन किया.
'क्रिकबज' से बातचीत में कार्तिक ने कहा, "जब यह नियम (इम्पैक्ट प्लेयर) पहली बार आया था, तो यह बहुत अच्छा था, क्योंकि तब हाई-स्कोरिंग मैच होते थे और कई टीमें लक्ष्य का पीछा करने के करीब पहुंच जाती थीं. मगर अजीब बात है कि पिछले सीजन में बहुत कम करीबी मैच देखने को मिले. ऐसा लगा जैसे एक टीम ने बहुत ज्यादा रन बनाए और दूसरी टीम ने आसानी से लक्ष्य का पीछा कर लिया. अगर आप देखें कि इम्पैक्ट प्लेयर नियम ने आईपीएल पर कैसा असर डाला है, तो शुरुआत में यह काफी सकारात्मक था. हालांकि, धीरे-धीरे इसका आकर्षण और इसे लाने का मकसद कम होने लगा."
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस नियम का असर भारत के ऑलराउंडर तैयार न कर पाने पर भी पड़ा है. कार्तिक ने कहा, "इसने खेल को पहले की तुलना में अधिक हाई-स्कोरिंग बनाने में मदद की. मगर इसने निश्चित रूप से एक क्रिकेट देश के तौर पर भारत में ऑलराउंडर तैयार होने की संभावनाओं को कम कर दिया है. हालांकि, मैं यह नहीं चाहूंगा कि इसे इस सीजन के लिए खत्म कर दिया जाए, क्योंकि टीमों को 'इम्पैक्ट प्लेयर' को ध्यान में रखकर चुना गया है."
यह भी पढ़ें-
साढ़े 9 साल बाद जड़ा शतक, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैट रेनशॉ ने रचा इतिहास

















