आईसीसी टी-20 रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंचे बुमराह


दुबई: भारत के युवा तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को आईसीसी की टी-20 गेंदबाजी रैंकिंग में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है. इसके अलावा, भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली बल्लेबाजी रैंकिंग में पहले स्थान पर कायम हैं.
आईसीसी की सोमवार को जारी रिलीज में टी-20 गेंदबाजी रैंकिंग में पाकिस्तान के गेंदबाज इमाद वसीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाड़ी इमरान ताहिर को पछाड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है.
इस रैंकिंग में बुमराह 764 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं. वसीम 16 अंक अधिक 780 अंकों के साथ पहले स्थान पर हैं, वहीं ताहिर को तीसरा स्थान हासिल हुआ है. इसी साल जनवरी में बुमराह ने टी-20 रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया था.
बल्लेबाजी रैंकिंग में कोहली पहले स्थान पर हैं, वहीं ऑस्ट्रेलिया के एरॉन फिंच दूसरे और न्यूजीलैंड के केन विलियमसन तीसरे स्थान पर हैं. ऑलराउंडर खिलाड़ियों की सूची में बांग्लादेश के खिलाड़ी शाकिब अल-हसन पहले स्थान पर बरकरार हैं. उनके बाद ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल दूसरे और अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी तीसरे स्थान पर हैं.
आईसीसी की टी-20 टीम रैंकिंग में इंग्लैंड दूसरे स्थान पर पहुंच गई है. वहीं न्यूजीलैंड पहले स्थान पर है. इस रैंकिग में तीसरा स्थान पाकिस्तान और भारत के बीच संयुक्त रूप से साझा हुआ है, वहीं चौथा स्थान वेस्टइंडीज को मिला है.
Source: IOCL















