AUSvsNZ: ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के सामने न्यूजीलैंड के बल्लेबाज पस्त, टीम पर मंडरा रहा हार का खतरा
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के सामने न्यूजीलैंड के बल्लेबाज पस्त नजर आ रहे हैं. टीम ने सात विकेट 214 रनों पर गंवा दिए हैं. ऐसे में अब टीम पर हार का खतरा मंडरा रहा है.

मेलबर्न: न्यूजीलैंड के कामचलाऊ सलामी बल्लेबाज टाम ब्लंडेल ने अर्धशतक जड़ते हुए रविवार को दूसरे टेस्ट क्रिकेट के चौथे दिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ न्यूजीलैंड की पारी को संभाला. ऑस्ट्रेलिया के 488 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की टीम जेम्स पेटिनसन की तूफानी गेंदबाजी के सामने लंच तक 38 रन तक तीन विकेट गंवाने के बाद संकट में थी लेकिन ब्लंडेल ने एक छोर संभाले रखा. दूसरे सत्र में नाथन लियोन ने एक विकेट चटकाया लेकिन ब्लंडेल ने टीम का स्कोर चाय तक चार विकेट पर 131 रन तक पहुंचाया. अभी टीम का स्कोर 67 ओवर की समाप्ति के बाद 214 रन है. टीम ने सात विकेट गंवा दिए हैं. टीम को जीतने के लिए अभी 271 रनों की जरूरत है.
आम तौर पर विकेटकीपर बल्लेबाज की भूमिका निभाने वाले ब्लंडेल को सलामी बल्लेबाज जीत रावल को बाहर किए जाने के बाद पारी का आगाज करने का मौका मिला. चाय के समय वह 73 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि बीजे वाटलिंग छह रन बनाकर उनका साथ निभा रहे हैं. दूसरे सत्र में न्यूजीलैंड ने सिर्फ हेनरी निकोलस का विकेट गंवाया जिन्हें 33 रन बनाने के बाद लियोन की गेंद पर विकेटकीपर टिम पेन ने स्टंप किया. टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में कोई टीम 418 रन से अधिक के लक्ष्य को हासिल नहीं कर पाई है लेकिन यह रिकार्ड भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही है. वेस्टइंडीज ने 2003 में एंटीगा में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह लक्ष्य हासिल किया था.
न्यूजीलैंड ने सतर्क शुरुआत की थी और एक समय उसका स्कोर बिना विकेट खोए 32 रन था लेकिन चोटिल जोश हेजलवुड की जगह खेल रहे पेटिनसन ने टाम लैथम (08), कप्तान केन विलियमसन (00) और अनुभवी रोस टेलर (02) को तीन रन के भीतर पवेलियन भेज दिया. पहली पारी में अर्धशतक जड़ने वाले लैथम ने पेटिनसन की गेंद पर विकेटकीपर पेन को कैच थमाया जबकि इस तेज गेंदबाज ने विलियमसन को पगबाधा किया. टेलर भी इसके बाद पेटिनसन की गेंद को विकेटों पर खेल गए.
ऑस्ट्रेलिया की टीम सुबह चार विकेट पर 137 रन से आगे खेलने उतरी. कप्तान पेन ने पांच विकेट पर 168 रन के स्कोर पर दूसरी पारी घोषित की जब ट्रेविस हेड (28) को नील वैगनर ने बोल्ड किया. मैथ्यू वेड 30 रन बनाकर नाबाद रहे. वैगनर ने 50 रन देकर तीन विकेट चटकाए. ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 467 रन बनाए थे जिसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 148 रन पर ढेर हो गई थी.
















