सिडनी: क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) के साथ लंबे समय से चला आ रहा वेतन विवाद नहीं सुलझने पर आस्ट्रेलिया के सीनियर क्रिकेटरों ने अगले महीने होने वाले बांग्लादेश दौरे का बहिष्कार करने के पक्ष में फैसला किया है. एक रिपोर्ट में यह दावा किया गया है. कप्तान स्टीव स्मिथ और उप कप्तान डेविड वार्नर ने आस्ट्रेलिया क्रिकेटर्स संघ (एसीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एलेस्टेयर निकोलसन के साथ अज्ञात स्थान पर बैठक में हिस्सा लिया जिसमें पिछले हफ्ते सीए के साथ बातचीत विफल होने पर विकल्पों पर विचार किया गया. आस्ट्रेलियाई समाचार पत्र ने कहा कि खिलाड़ियों ने कई विकल्पों पर चर्चा की जिसमें विशेष अनुबंधीय इंतजाम के तहत बांग्लादेश दौरे पर जाना शामिल है. लेकिन उन्होंने पिछली बैठक के प्रस्तावों पर अडिग रहने का फैसला किया और नये एमओयू के नहीं होने तक किसी दौरे में हिस्सा लेने से इनकार किया.