पाकिस्तान चुनाव: आचार संहिता उल्लंघन के चलते रद्द हो सकता है इमरान खान का वोट
क्रिकेटर से नेता बने इमरान खान गोपनीयता नहीं बरतने के साथ मीडिया और कैमरे के सामने वोट डालने के लिए पाकिस्तान चुनाव आयोग के निशाने पर आ गए.

इस्लामाबाद: पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के प्रमुख इमरान खान का वोट इस्लामाबाद संसदीय सीट से कथित तौर पर आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए रद्द हो सकता है. वह यहीं से चुनाव भी लड़ रहे हैं. पाकिस्तान मुस्लिम लीग- नवाज (पीएमएल-एन) के अध्यक्ष शाहबाज शरीफ और पूर्व विदेश मंत्री ख्वाजा आसिफ पर भी कार्रवाई हो सकती है. वोट डालने के बाद मीडिया से उनके बात करने के मामले का चुनाव आयोग ने कड़ा संज्ञान लिया है.
क्रिकेटर से नेता बने खान गोपनीयता नहीं बरतने के साथ मीडिया और कैमरे के सामने वोट डालने के लिए पाकिस्तान चुनाव आयोग के निशाने पर आ गए. पाकिस्तान के अखबार डॉन ने खबर दी है कि ईसीपी (चुनाव आयोग) इस्लामाबाद एनए-53 संसदीय सीट से उनका वोट रद्द कर सकता है.
ईसीपी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वोट डालने के बाद मीडिया से बात करने के लिए चुनाव आयोग ने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के प्रमुख, पीएमएल एन नेता और आसिफ का संज्ञान लिया.
Source: IOCL

























