यूपी चुनाव:पुजारी बोले- 'BJP को साधु-संतों का समर्थन चाहिए तो राम मंदिर का वादा करें मोदी'

अयोध्या: राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद विवादित स्थल पर अस्थायी मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येन्द्र दास ने कहा है कि आगामी उत्तर प्रदेश चुनावों में साधु-संत बीजेपी का समर्थन तभी करेंगे जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने कार्यकाल के दौरान अयोध्या में राम मंदिर निर्माण करवाने का वादा करें.
अयोध्या में एक भव्य राम मंदिर देखने की इच्छा
आचार्य सत्येन्द्र दास ने कहा कि महंत और साधु सभी भगवान राम में आस्था रखते हैं और उनकी एकमात्र इच्छा अयोध्या में एक भव्य राम मंदिर देखने की है. उन्होंने कहा, ‘‘मोदी सरकार के आने के बाद हमें उम्मीद बंधी थी कि अब मंदिर का निर्माण किया जाएगा. मोदी को अयोध्या आना होगा, हमें गारंटी देनी होगी और यह घोषणा करनी होगी कि उनके कार्यकाल के दौरान इस राम मंदिर का निर्माण कराया जाएगा.’’
महंत और साधु के बड़ी संख्या में अनुयायी
सत्येन्द्र दास ने कहा, ‘‘ उत्तर प्रदेश में महंत और साधु के बड़ी संख्या में अनुयायी हैं और तब हम बीजेपी के पक्ष में मतदान करने के लिए बड़ी तादाद में हिंदुओं को प्रेरित करेंगे. यदि हम बीजेपी का समर्थन करें तो वह निश्चित तौर पर जीतेगी.’’
दास की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए अयोध्या में रसिक निवास मंदिर के महंत रघुवीर शरण ने आरोप लगाया कि अयोध्या राम मंदिर आंदोलन के चलते राजनीति लाभ लेने वाले बीजेपी नेताओं ने इस मुद्दे को संसद में कभी नहीं उठाया.
राम मंदिर निर्माण के लिए संसद में प्रस्ताव
रघुवीर शरण ने कहा, ‘‘अयोध्या मुद्दे के चलते राजनीति में उभरे नेताओं में लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, विनय कटियार और उमा भारती शामिल हैं और ये सभी सांसद हैं. इन्होंने राम मंदिर के लिए अपनी आवाज सदन में कभी नहीं उठाई और न ही इन्होंने यह मांग की कि प्रधानमंत्री मोदी अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए संसद में प्रस्ताव लाएं.’’
Source: IOCL

























