यूपी: जालौन में गांधी प्रतिमा तोड़ी गई, प्रियंका गांधी ने ट्वीट में कही ये बात
यूपी के जालौन से महात्मा गांधी की मूर्ति तोड़े जाने की खबर सामने आई है. इस मामले में कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने भी ट्वीट किया है.

नई दिल्ली: यूपी के जालौन में महात्मा गांधी की मूर्ति तोड़ दिए जाने के मामले में कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया है. उन्होंने कहा कि ऐसा करके कोई उनकी (गांधी जी) महानता को जरा भी कमतर नहीं कर सकता.
उन्होंने ट्वीट किया- कुछ दिनों पहले उप्र में बाबासाहेब अम्बेडकर जी की मूर्ति को असामाजिक तत्वों ने तोड़ा. अब जालौन में महात्मा गांधीजी की मूर्ति को तोड़ा गया. मूर्ति तोड़ने वाले कायरों, जीवन में यही तुम्हारी उपलब्धि है कि रात के अंधेरे में छिपकर तुम देश के महापुरुषों का अपमान करने की कोशिश करते हो? मूर्तियों पर हमला करके इन महापुरुषों की महानता का एक अंश भी तुम हिला-डुला नहीं सकते."
आपको बता दें कि जालौन के उरई इलाके में स्थित गांधी इंटर कॉलेज में लगी गांधी प्रतिमा को अज्ञात लोगों ने तोड़ दिया. इस मामले में पुलिस से भी शिकायत की गई है.
पुलिस ने बताया कि प्रिंसीपल की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और मूर्ति को भी ठीक करा दिया गया है.
हालांकि इस मामले को लेकर कांग्रेस के कार्यकर्ता नाराज हैं और उन्होंने धरना देने की बात कही है. कांग्रेस से जुड़े लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की है.

















