गोरखपुर: रवि किशन ने कहा, 'भोजपुरी में बनाऊंगा प्रधानमंत्री मोदी की बायोपिक'
गोरखपुर से बीजेपी के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ रहे रवि किशन ने कहा कि ऐसा नहीं है कि राजनीति में आने के बाद मैं फिल्मों से अलग हो जाऊंगा. यहीं (गोरखपुर में) स्टूडियो बनाएंगे औेर फिल्मों की शूटिंग करेंगे. साथ में जनता की सेवा भी होगी.

गोरखपुर: मशहूर भोजपुरी फिल्म अभिनेता रवि किशन ने कहा है कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर भोजपुरी में एक फ़िल्म बनाएंगे ताकि यह बोली बोलने वाला समाज भी मोदी की जिंदगी के बारे में जान सके.
उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव के बाद वह स्वामी विवेकानंद और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन पर भी भोजपुरी फिल्म बनाने के लिए काम शुरू करेंगे.
गोरखपुर से बीजेपी के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ रहे रवि किशन ने कहा, ‘‘ऐसा नहीं है कि राजनीति में आने के बाद मैं फिल्मों से अलग हो जाऊंगा. यहीं (गोरखपुर में) स्टूडियो बनाएंगे औेर फिल्मों की शूटिंग करेंगे. साथ में जनता की सेवा भी होगी.’’
बीजेपी प्रत्याशी रविकिशन का मुकाबला गठबंधन से सपा प्रत्याशी रामभुआल निषाद के साथ है. वहीं कांग्रेस से मधुसूदन त्रिपाठी भी लगातार जनसंपर्क कर अपनी स्थिति को मजबूत करने में लगे हैं. ऐसे में विपक्षी पार्टियां लगातार ये कहती चली आ रही है कि इस बार लड़ाई बाहरी बनाम घर की है.
उन्होंने कहा, ‘‘मेरे दिमाग में भोजपुरी सिनेमा में कई चीजें करने के लिए हैं. मोदी जी पर भी बायोपिक बनाएंगे ताकि भोजपुरी समाज भी उनके जीवन के बारे में जाने.’’
रवि किशन ने कहा, ‘‘इसके अलावा स्वामी विवेकानंद और अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन पर भी भोजपुरी फिल्म बनाने की सोच रहा हूं.’’
उन्होंने कहा, ‘‘मोदी जी के जीवन से मैं बहुत प्रभावित हूं. 2014 में मोदी जी ने जब शौचालय के बारे में बात की, ऐसा मैंने पहली बार देखा था कि किसी प्रधानमंत्री की यह सोच भी हो सकती है. मैं उनसे बहुत प्रभावित हुआ.'
भोजपुरी अभिनेता ने कहा कि चुनाव के बाद वह इन फिल्मों को लेकर काम शुरू करेंगे. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बायोपिक 'पीएम नरेंद्र मोदी' को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की.
बता दें कि ‘पीएम नरेंद्र मोदी' पहले 11 अप्रैल को रिलीज होनी थी लेकिन चुनाव आयोग ने आचार संहिता का हवाला देते हुये इस पर प्रतिबंध लगा दिया. सुप्रीम कोर्ट ने भी इस बायोपिक की रिलीज पर प्रतिबंध लगाने के आयोग के आदेश में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया.
अब यह फ़िल्म 24 मई को रिलीज होगी. फिल्म में अभिनेता विवेक ओबेरॉय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका निभाई है. कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने इसका प्रदर्शन चुनाव तक स्थगित किए जाने की मांग करते हुए आरोप लगाया था कि यह फिल्म बीजेपी को चुनाव में फायदा देगी.
क्या रविकिशन राजनीति को लेकर गंभीर हैं? इस पर उन्होंने कहा, 'मुझे एन टी रामा राव और विनोद खन्ना की तरह संजीदा नेता बनना है जो फिल्म से राजनीति में आए और पूरी संजीदगी से काम किया. अगर मैं राजनीति को गंभीरता से नहीं लेता तो फिर इतना अच्छा करियर बीच में छोड़कर राजनीति में क्यों आता?'
उन्होंने कहा, ' प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी ने मेरे ऊपर हाथ रखा क्योंकि उन्होंने मेरी गंभीरता को समझा है.'
जानिए कौन हैं ये पीली साड़ी वाली महिला अधिकारी जिनकी तस्वीरें हो रही हैं वायरल
लोकसभा चुनाव 2019: गोरखपुर और फूलपुर सीटों पर लगीं हैं पूरे यूपी की निगाहें




















