यूपी: ग्रेटर नोएडा में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़, शातिर अपराधी गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है. बदमाश शातिर किस्म का चोर है और अपने गैंग के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था.

नोएडा: ग्रेटर नोएडा के थाना रबुपुरा क्षेत्र में सोमवार देर रात चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी. मुठभेड़ के बाद पुलिस ने एक बदमाश को दबोच लिया है. पुलिस की फायरिंग के दौरान बदमाश के पैर में गोली लग गई. गोली लगने से घायल हुए बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने बदमाश के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल, एक देशी तमंचा 315 बोर और कारतूस बरामद किया है. गिरफ्त में आए बदमाश की पहचान प्रवीण के रूप में हुई है. पुलिस अब इसके साथियों की तलाश कर रही है.
डीसीपी ग्रेटर नोएडा राजेश कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि बदमाश वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने देर रात थाना रबुपुरा इलाके में कई जगह पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की. उन्होंने बताया कि मिर्जापुर सर्विस रोड पर जांच के दौरान कुछ संदिग्ध लोग मोटरसाइकिल पर आते हुए दिखाई दिए. पुलिस टीम ने जब उन्हें रोकना चाहा तो वे फायरिंग कर भागने लगे.

पुलिस अधिकारी ने बताया कि जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी गोली चलाई. पुलिस की तरफ से की गई फायरिंग में प्रवीण नाम के बदमाश के पैर में लगी. घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्होंने बताया कि बदमाश पर आधा दर्जन से ज्यादा मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं. प्रवीण शातिर किस्म का चोर है और अपने गैंग के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था.
यह भी पढ़ें:






















