एक्सप्लोरर
छत्तीसगढ़: आइसोलेशन में रह रहे युवक ने घर में की आत्महत्या
युवक तमिलनाडू में काम करता था और कुछ दिन पहले ही वहां से लौटा था. इसलिए डॉक्टर्स ने उसे आइसोलेशन में रहने की सलाह दी थी.

प्रतिकात्मक चित्र
धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में घर पर आइसोलेशन में रह रहे कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीज ने फांसी लगा ली. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के सिहावा थाना क्षेत्र के टांगापानी गांव में गणपत मरकाम ने फांसी लगा लगाकर जान दे दी. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गणपत तमिलनाडु में नलकूप खनन कार्य करने वाले वाहन में काम करता था. वह 20 मार्च को तमिलनाडु से अपने गांव लौटा था, जिसके कारण उसे घर पर आइसोलेशन में रहने के लिए कहा गया था. उन्होंने बताया कि गणपत दूसरे राज्य से लौटा था इसलिए स्वास्थ्य विभाग ने 22 मार्च को उसके स्वास्थ्य की जांच की थी और उसे घर में रहने की सलाह दी गई थी. साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 29 मार्च तक उसकी नियमित जांच की थी. चिकित्सकों के अनुसार उसमें सर्दी, खांसी, बुखार के कोई लक्षण नहीं मिले थे. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आज पुलिस को गणपत के आत्महत्या की सूचना मिली तब गांव के लिए पुलिस दल रवाना किया गया. गणपत के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस के मुताबिक गणपत की पत्नी की मौत हो चुकी है और बेटा भी उसके साथ नहीं रहता था. इसे लेकर वह परेशान रहता था. वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. ये भी पढ़ें क्या है तब्लीगी जमात, कैसे करती है काम, क्यों हज़ारों मुसलमान होते हैं मरकज निजामुद्दीन में इकट्ठा? Lockdown: कटरा में फंसे 400 वैष्णों देवी श्रद्धालुओं पर हाई कोर्ट ने कहा- सभी की जरूरतों का ख्याल रखें
और पढ़ें
Source: IOCL























